सिंगरौली/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) मुख्यालय सिंगरौली में शनिवार को जनवरी माह में सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सम्मान में भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एनसीएल के निदेशक (तकनीकी/संचालन) सुनील प्रसाद सिंह सहित कुल 8 अधिकारी एवं 50 कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए।
एनसीएल मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वालों में निदेशक (तकनीकी/संचालन) सुनील प्रसाद सिंह के अलावा राम हरख प्रसाद, सहायक पर्यवेक्षक (इलेक्ट्रिकल), रंजीत, सहायक पर्यवेक्षक (परिवहन) सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे। सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सम्मान में आयोजित समारोह में भावनात्मक वातावरण देखने को मिला।
समारोह को संबोधित करते हुए निदेशक (तकनीकी/संचालन) सुनील प्रसाद सिंह ने सेवानिवृत्ति को जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव बताते हुए अपने कार्यकाल की स्मृतियों को साझा किया। उन्होंने एनसीएल एवं कोल इंडिया प्रबंधन को सहयोग, मार्गदर्शन और विश्वास के लिए धन्यवाद देते हुए अपनी पेशेवर सफलताओं का श्रेय संस्थान को दिया।
इस अवसर पर एनसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक बी. साईराम ने कहा कि सुनील प्रसाद सिंह सौम्य, शांत और सरल व्यक्तित्व के धनी होने के साथ-साथ एक कुशल निर्णयकर्ता एवं समाधान उन्मुख अधिकारी रहे हैं। उन्होंने सेवानिवृत्त हो रहे सभी कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि इनकी सेवाओं से एनसीएल की सुदृढ़ आधारशिला मजबूत हुई है।
निदेशक (मानव संसाधन) मनीष कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि सुनील प्रसाद सिंह एक अनुकरणीय अधिकारी और उत्कृष्ट होस्ट रहे हैं। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों के उज्ज्वल, स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की। वहीं निदेशक (वित्त) रजनीश नारायण ने उन्हें मिलनसार, सरल एवं सभी को साथ लेकर चलने वाला व्यक्तित्व बताया।
निदेशक (तकनीकी/परियोजना एवं योजना) आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि सुनील प्रसाद सिंह एक उत्कृष्ट खनन अधिकारी रहे हैं, जिनसे सभी ने कार्य के दौरान बहुत कुछ सीखा। समारोह में सेवानिवृत्त कर्मियों ने भी अपने अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम के अंत में सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उपादेय भेंट प्रदान की गई। साथ ही एनसीएल की विभिन्न परियोजनाओं एवं इकाइयों में भी सेवानिवृत्त कर्मियों के सम्मान में अभिनंदन समारोह आयोजित किए गए।
![]()












