सोनभद्र/एबीएन न्यूज। एनसीएल की मेजबानी में आयोजित पाँच दिवसीय कोल इंडिया अंतर कंपनी फुटबॉल प्रतियोगिता 2025–26 का भव्य समापन रविवार को जयंत परियोजना में हुआ। रोमांच से भरपूर फाइनल मुकाबले में निर्धारित समय तक बराबरी के बाद पेनाल्टी शूटआउट में एनसीएल ने ईसीएल को 3–2 से पराजित कर विजेता खिताब अपने नाम किया।
कोल इंडिया अंतर कंपनी फुटबॉल प्रतियोगिता 28 जनवरी से 1 फरवरी, 2026 तक आयोजित की गई, जिसमें कोल इंडिया के साथ एनसीएल, एमसीएल, बीसीसीएल, सीसीएल, एसईसीएल, डब्ल्यूसीएल, ईसीएल, सीएमपीडीआईएल एवं एससीसीएल की टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का आयोजन लीग-कम-नॉकआउट आधार पर किया गया, जिसमें सभी टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
फाइनल मुकाबला अत्यंत रोमांचक रहा। निर्धारित समय में दोनों टीमें गोल करने में सफल रहीं और स्कोर बराबरी पर रहा। इसके बाद मैच का फैसला पेनाल्टी शूटआउट से हुआ, जिसमें एनसीएल के खिलाड़ियों ने बेहतर संयम और कौशल का परिचय देते हुए जीत दर्ज की।

समापन समारोह में एनसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री बी. साईराम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) श्री मनीष कुमार, निदेशक (वित्त) श्री रजनीश नारायण, निदेशक (तकनीकी) श्री आशुतोष द्विवेदी, मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री अजय कुमार जायसवाल तथा हाल ही में सेवानिवृत्त हुए निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री सुनील प्रसाद सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह को संबोधित करते हुए सीएमडी श्री बी. साईराम ने सभी खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और खेल भावना के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल व्यक्तित्व विकास में अहम भूमिका निभाते हैं और एनसीएल सदैव खेलों को प्रोत्साहित करता रहा है। उन्होंने खदान संचालन में भी खेलों से प्रेरणा लेते हुए टीम भावना को मजबूत करने पर जोर दिया और कहा कि टीम वर्क से परिचालन उत्कृष्टता के साथ-साथ सुरक्षा संस्कृति को भी सुदृढ़ किया जा सकता है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए एनसीएल परिवार और आयोजन से जुड़े सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को बधाई दी।

इस अवसर पर कोल इंडिया वेलफेयर बोर्ड सदस्य श्री टीकेश्वर सिंह राठौर (बीएमएस), श्री पी.एस. पांडेय (सीटू), एनसीएल जेसीसी सदस्य सीएमएस से श्री अजय कुमार, बीएमएस से श्री अशोक मिश्रा, आरसीएसएस से श्री लाल पुष्पराज सिंह, एचएमएस से श्री अशोक पांडेय तथा सीएमओएआई के महासचिव श्री सर्वेश सिंह भी उपस्थित रहे। साथ ही एनसीएल स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड के सदस्य, बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं खेल प्रेमी दर्शक मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले सीएमपीडीआईएल बनाम ईसीएल तथा एनसीएल बनाम एसईसीएल के बीच खेले गए, जिनमें ईसीएल और एनसीएल ने जीत हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया। एसईसीएल की टीम ने प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त किया। व्यक्तिगत पुरस्कारों में एनसीएल के तौसीफ अहमद को बेस्ट गोलकीपर, ईसीएल के संदीप को गोल्डन बूट तथा यश वर्मा को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट घोषित किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में महाप्रबंधक (जयंत) श्री दीपक सक्सेना एवं महाप्रबंधक (कल्याण) श्री राजेश त्रिवेदी की टीम की अहम भूमिका रही।
![]()











