Last Updated:
अगर आपको हिंदी सिनेमा पसंद है, तो संजय दत्त की फिल्म ‘मुन्नाभाई एबीबीएस’ आपने जरूर देखी होगी, जिसमें एक आइटम सॉन्ग है- ‘देख ले.’ इसमें एक टॉलीवुड हीरोइन मुमैत खान ने जबरदस्त परफॉर्मेंस दी थी. वे गाने से रातोंरात स्टार बनीं, लेकिन वक्त ने उन पर कई सितम ढाए. वे आज कहां और किस हाल में? आइए, जानते हैं.
नई दिल्ली: मुमैत खान की कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है. ‘मुन्नाभाई एमबीबीएस’ के गाने ‘देख ले’ से रातों-रात शोहरत पाने वाली मुमैत खान आज ग्लैमर की दुनिया से दूर अपना बिजनेस चला रही हैं. उन्होंने जिंदगी में ऐसा वक्त भी देखा, जब वह 7 सालों तक बिस्तर पर पड़ी रहीं. उनका बचपन आर्थिक तंगी में बीता. परिवार की मदद के लिए उन्होंने महज 13 साल की उम्र में काम करना शुरू कर दिया था. 18 साल की उम्र में ‘देख ले’ गाने ने उन्हें पूरे देश में पहचान दिलाई. इसके बाद, उन्होंने हिंदी, तेलुगू और कन्नड़ फिल्मों में कई हिट आइटम नंबर और बोल्ड किरदार निभाए, जिससे उनकी पहचान एक ‘ग्लैमरस सिंबल’ के रूप में बन गई.

जब मुमैत खान अपने करियर के पीक की ओर बढ़ रही थीं, तभी 30 साल की उम्र में उनका घर में एक्सीडेंट हुआ. इस हादसे में उनके दिमाग की पांच नसें फट गईं और वह 15 दिनों तक कोमा में रहीं. इस घटना ने उनकी जिंदगी और करियर की रफ्तार पर अचानक ब्रेक लगा दिया.

होश आने के बाद मुमैत को दौरे पड़ने लगे. डॉक्टरों ने उन्हें सख्त हिदायत दी कि वह अगले सात साल तक कोई काम या शारीरिक मेहनत नहीं कर सकतीं. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, भारी दवाओं के कारण उनका वजन काफी बढ़ गया और ग्लैमर इंडस्ट्री से उनका संपर्क पूरी तरह टूट गया. मुमैत इसे भगवान का दिया ‘फुल स्टॉप’ मानती हैं.(फोटो साभार: Instagram@mumait)
Add News18 as
Preferred Source on Google

बीमारी के उन सात सालों में मुमैत की मां उनकी सबसे बड़ी ताकत बनीं. उन्होंने मुमैत का खर्च उठाया और उन्हें मानसिक रूप से टूटने नहीं दिया. इसी खाली समय में मुमैत ने खुद को पढ़ा और महसूस किया कि अभिनय के अलावा मेकअप और हेयर स्टाइलिंग में उनका असली जुनून है.

मुमैत ने स्वस्थ होने के बाद अपने जुनून को प्रोफेशन में बदला और हैदराबाद में ‘वीलाइक एकेडमी’ की शुरुआत की. उन्होंने देखा कि साउथ फिल्म इंडस्ट्री में मेकअप और स्टाइलिंग के लिए अक्सर मुंबई पर निर्भर रहना पड़ता है, इसलिए उन्होंने उसी हाई स्टैंडर्ड की ट्रेनिंग लोकल लेवल पर देने का फैसला किया.

एकेडमी शुरू करना आसान नहीं था. मुमैत खान को दो बार बिजनेस पार्टनर से धोखा मिला. हालांकि, उन्होंने 2023 में हार न मानते हुए इसे फिर से लॉन्च किया. आज उनकी एकेडमी में 20000 से 50000 रुपये तक के प्रोफेशनल कोर्स मौजूद हैं, जिसके लिए उन्होंने स्टूडेंट्स को लोन दिलाने के लिए बैंकों से भी करार किया. (फोटो साभार: Instagram@mumait)

मुमैत 40 की उम्र में सिंगल हैं. उनका मानना है कि बचपन से ही माता-पिता की जिम्मेदारी उठाने के कारण उनका माइंडसेट ‘बिजनेस ओरिएंटेड’ हो गया, जिससे निजी रिश्तों के लिए कभी वक्त ही नहीं मिला. वे अपनी मर्जी से सिंगल हैं और समाज के जजमेंट की परवाह नहीं करतीं.

ड्रग केस में नाम आने से लेकर कैब ड्राइवर से विवाद तक, मुमैत कई बार विवादों में रहीं. ड्रग केस में उन्हें क्लीन चिट मिली. मुमैत का मानना है कि उनकी बोल्ड इमेज के कारण अक्सर उन्हें ‘विलेन’ समझ लिया जाता है, लेकिन अब उन्हें किसी को सफाई देने की जरूरत महसूस नहीं होती.
![]()











