अभिनेता विजय अब एक्टिंग से राजनीति की दुनिया में सक्रिय हो गए हैं। बतौर एक्टर उनकी आखिरी फिल्म कही जा रही ‘जन नायकन’ का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। मगर इस फिल्म की रिलीज का रास्ता अब साफ नहीं है। सेंसर सर्टिफिकेट नहीं मिलने के चलते फिल्म रिलीज नहीं पो पाई है, जिसके बाद मेकर्स ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। मगर, अब निर्माता सीबीएफसी के खिलाफ केस वापस ले रहे हैं।
सेंसर बोर्ड के खिलाफ केस वापस लेंगे मेकर्स
फिल्म ‘जन नायकन’ के मेकर्स केवीएन प्रोडक्शंस ने सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (सीबीएफसी) के खिलाफ केस वापस लेने के लिए अर्जी दी है। मेकर्स के वकील ने इस बारे में मद्रास हाईकोर्ट रजिस्ट्री को सूचना दी है। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, ‘केवीएन प्रोडक्शंस के वकील ने मद्रास हाईकोर्ट रजिस्ट्री को बताया है कि प्रोडक्शन हाउस एक्टर विजय की फिल्म ‘जन नायकन’ से जुड़ी रिट याचिका वापस लेना चाहता है। एडवोकेट विजयन सुब्रमण्यम ने कंपनी की ओर से इस बारे में एक लेटर जमा किया है’।
मेकर्स ने फिल्म को समीक्षा समिति के पास भेजने का विकल्प चुना
उम्मीद है कि यह मामला कल 10 फरवरी, 2026 को जस्टिस पी. टी. आशा के सामने लिस्ट किया जाएगा, जिसमें याचिका को औपचारिक रूप से वापस लेने के लिए कोर्ट की इजाजत मांगी जाएगी। मद्रास हाईकोर्ट रजिस्ट्री में जमा किए गए एक लेटर में निर्माताओं ने कन्फर्म किया है कि उन्होंने कानूनी लड़ाई जारी रखने के बजाय फिल्म को रिवाइजिंग कमेटी के सामने ले जाने का विकल्प चुना है।
09 जनवरी को रिलीज होनी थी फिल्म
KVN प्रोडक्शंस के वकील विजयन सुब्रमण्यम ने औपचारिक रूप से हाईकोर्ट रजिस्ट्री को बताया कि उनके क्लाइंट अब इस मुकदमे को आगे नहीं बढ़ाना चाहते हैं। बता दें कि फिल्म ‘जन नायकन’ 09 जनवरी 2026 को रिलीज होनी थी। मगर, सेंसर से हरी झंडी नहीं मिलने के चलते इसकी रिलीज अटकी हुई है।











