फरवरी के शुरुआती दिनों में ही देश के मौसम में तेज बदलाव देखने को मिल रहा है। जहां एक ओर जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी से ठंड बढ़ गई है, वहीं दूसरी ओर मैदानी इलाकों में गर्मी का अहसास होने लगा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक उत्तर भारत में इस समय एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ मौजूद है, जिसका असर आने वाले कुछ दिनों तक बना रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे पंजाब क्षेत्र के ऊपर सक्रिय है। इसके प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है।
खास तौर पर 11 फरवरी को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कई इलाकों में अच्छी बारिश और जमकर बर्फबारी हो सकती है। साथ ही बिजली गिरने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के भी आसार हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इससे पहाड़ी इलाकों में ठंड और बढ़ सकती है। इसके साथ ही ऊपरी वातावरण में तेज जेट स्ट्रीम का दौर जारी है लेकिन मैदानों पर इसका सीमित असर दिखाई दे रहा है।
तापमान में भारी उतार-चढ़ाव
उत्तर-पश्चिम, मध्य भारत के कई हिस्सों में अगले 24 घंटों के भीतर न्यूनतम तापमान दो से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है जबकि पूर्वी भारत में अगले 24 घंटों तक तापमान स्थिर रह सकता है, लेकिन इसके बाद दो दिनों में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी संभव है। महाराष्ट्र में इसके उलट अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस गिर सकता है। देश के बाकी हिस्सों में फिलहाल किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।
पूर्वी यूपी से असम-मेघालय तक कोहरे का असर…देश के कई हिस्सों में अभी भी सुबह और रात के समय कोहरे की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि 11 फरवरी तक पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में घना से बहुत घना कोहरा छा सकता है। इसके अलावा बिहार, असम-मेघालय और तटीय आंध्र प्रदेश में भी सुबह के समय घना कोहरा पड़ने का अनुमान है।












