लखनऊ/एबीएन न्यूज। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में आयोजित संरक्षा पुरस्कार समारोह में सुरक्षित एवं संरक्षित रेल संचालन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया। जनवरी 2026 माह के लिए आयोजित “स्टार परफॉर्मर ऑफ द मंथ” कार्यक्रम के अंतर्गत इंजीनियरिंग विभाग के 10 रेलवे ट्रैकमैन (नाइट पेट्रोलिंग) कर्मचारियों को नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
सम्मान समारोह में वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी डॉ. शिल्पी कन्नौजिया, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर/समन्वय श्री गौरव गुप्ता, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर/समन्वय श्री निलेश सिंह, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (परिचालन) श्री अनिल श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक/सवारी श्री अनुज कुमार सिंह तथा मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर श्री आमिर खान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सम्मानित ट्रैकमैन कर्मचारियों ने निर्धारित बीट पर समयबद्धता, सतर्कता और जिम्मेदारी का परिचय देते हुए रेल सुरक्षा के उच्च मानकों को बनाए रखा। पुरस्कृत कर्मचारियों में श्री सोनू बाथम (बादशाहनगर), श्री कामरान एवं श्री रामधन (जरवल रोड), श्री संजय पटेल (गोण्डा), श्री अमरनाथ (मनकापुर), श्री श्रीकांत राम एवं श्री झिनकन (बस्ती), श्री संदीप (आनंदनगर), श्री रंजन मौर्य एवं श्री रामजतन (बढ़नी) शामिल रहे।
इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक द्वारा मंडल स्तर पर संरक्षा से जुड़े यांत्रिक, परिचालन, इंजीनियरिंग, सिग्नल तथा विद्युत/परिचालन विभागों के 9 कर्मचारियों को “स्टार परफॉर्मर प्रमाण-पत्र” प्रदान कर सम्मानित किया गया। इनमें श्री सफीउल्लाह (लोको पायलट माल), श्री प्रताप आनंद (सहायक लोको पायलट), श्री गनेश कुमार (गेटमैन), श्री अजीत कुमार (ट्रैक मेंटेनर), श्री संतोष चौधरी (पेट्रोलमैन), श्री रामू यादव (गेटमैन), श्री निकेश कुमार (कांटावाला), श्री मुस्ताक अहमद (टेक्नीशियन) तथा श्री अजीत कुमार (सहायक टेलीकॉम) शामिल हैं।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल ने सभी सम्मानित कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि उनका समर्पण, अनुशासन और उत्कृष्ट कार्यशैली रेलवे की संरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी कर्मचारी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए रेलवे की सुरक्षा, संरक्षा और परिचालन व्यवस्था को और अधिक मजबूत करेंगे।
![]()











