सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जनपद के थाना शक्तिनगर पुलिस ने अपराध की रोकथाम एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी की कार सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से एक अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है।
थानाध्यक्ष कमल नयन दूबे के नेतृत्व में पुलिस टीम 14 फरवरी 2026 को क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु एवं वाहन चेकिंग के दौरान गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर खोखरी पुलिया (रेलवे साइडिंग) के पास से कार संख्या एमपी66सी1609 (टाटा इंडिका) के साथ पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में थाना शक्तिनगर पर मुकदमा अपराध संख्या 25/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में अभियोग पंजीकृत किया गया है। बरामद साक्ष्यों के आधार पर धारा 317(2) एवं 3(5) बीएनएस की वृद्धि भी की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरुलाल पुत्र केवल सिंह, बोलजोत सिंह पुत्र केवल सिंह, जर्मनजोत सिंह पुत्र परमजीत सिंह, सिकन्दरजीत सिंह पुत्र सेवा सिंह तथा जोवनजीत सिंह पुत्र बगीचा सिंह, सभी निवासी जनपद तरनतारन (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी वाहन चोरी की घटनाओं में संलिप्त रहे हैं और पूर्व में जेल भी जा चुके हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे विभिन्न स्थानों पर घूम-घूम कर अवसर देखकर वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। 13/14 फरवरी की रात उन्होंने शक्तिनगर बस स्टैंड के समीप एक वर्कशॉप पर खड़ी कार को अपनी पास रखी चाबी से खोलकर स्टार्ट किया और चोरी कर फरार हो गए। बाद में वे उसी कार से अनपरा की ओर जा रहे थे। तेल कम होने और पुलिस से बचने के लिए वाहन को एकांत स्थान पर छिपाकर आगे की योजना बना रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। कार्रवाई में थानाध्यक्ष कमल नयन दूबे, उपनिरीक्षक बृजेश कुमार दूबे, उपनिरीक्षक जितेन्द्र सरोज, उपनिरीक्षक रंजीत कुमार, उपनिरीक्षक सदाशिव राय सहित रेनूसागर एवं अनपरा चौकी के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
![]()











