Last Updated:
बॉलीवुड की ‘मस्त-मस्त’ गर्ल रवीना टंडन इन दिनों फिल्म धुरंधर के खुमार में डूबी हुई हैं. हाल ही में उन्होंने इस फिल्म की जमकर तारीफ की और इसके निर्देशक आदित्य धर को एक सच्चा जीनियस करार दिया. रवीना का कहना है कि आदित्य ने पर्दे पर उस असली हीरो की वापसी कराई है, जिसे दर्शक लंबे समय से मिस कर रहे थे. सिर्फ इतना ही नहीं, रवीना ने फिल्म में रणवीर सिंह की दमदार परफॉर्मेंस की भी खूब सराहना की. उन्होंने साफ कहा कि रणवीर ने अपने किरदार में जो जान फूंकी है, उसने फिल्म को एक अलग ही लेवल पर पहुंचा दिया है.
रवीना टंडन को बहुत पसंद आई आदित्य धर की फिल्म धुरंधर.
नई दिल्ली. आदित्य धर की फिल्म धुरंधर पिछले साल दिसंबर में रिलीज हुई थी, लेकिन इसका जलवा अब भी बरकरार है. रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना स्टारर इस फिल्म की तारीफ करने वालों में अब बॉलीवुड एक्ट्रेस रवीना टंडन का नाम भी जुड़ गया है. फिल्म रवीना को इतनी पसंद आई कि उन्होंने जोश-जोश में आदित्य धर की पत्नी और एक्ट्रेस यामी गौतम को फोन लगा दिया और उनसे सॉरी तक कह डाला.
आदित्य धर की मुरीद हुईं रवीना टंडन
रवीना ने बताया, ‘मैंने ‘धुरंधर’ देखी और तुरंत यामी को फोन लगाकर कहा आई एम सॉरी. मैं आपके पति की बहुत बड़ी फैन हो गई हूं. अब आपको मेरा आधा अटेंशन अपने पति के साथ भी बांटना होगा, क्योंकि मुझे लगता है कि वो कमाल के डायरेक्टर हैं. आदित्य ने सिनेमा में वही जादू वापस ला दिया है जो लंबे समय से गायब था. पुष्पा, केजीएफ और अब धुरंधर जैसी फिल्में देखकर दर्शकों को असली सुकून मिला है, क्योंकि इनमें हीरो वाकई हीरो जैसा नजर आता है. लोग अपनी मिट्टी और अपने देश की समस्याओं से जुड़ी कहानियां देखना चाहते हैं, जहां हीरो डंके की चोट पर चीजें ठीक करता है.’
रवीना टंडन ने की रणवीर सिंह की तारीफ
जब रवीना टंडन को पता चला कि रणवीर सिंह खुद उनके बहुत बड़े फैन हैं, तो वह पुरानी यादों में खो गईं और मुस्कुराते हुए बोलीं, ‘अरे, वह तो सिर्फ 10 साल के बच्चे थे, जब मेरा एक गाना देखने आए थे. धुरंधर में तो उन्होंने कमाल ही कर दिया. आदित्य धर वाकई एक जीनियस डायरेक्टर हैं, उनके लिए माइंड ब्लोइंग शब्द भी कम है. फिल्म में संजय दत्त और अक्षय खन्ना की एक्टिंग लाजवाब थी, और सारा तो बेहद शानदार लगीं. राकेश बेदी सर और गौरव गेरा ने भी अपनी परफॉरमेंस से चार चांद लगा दिए.’
धुरंधर फिल्म ने 1300 करोड़ का बिजनेस
पिछले साल 5 दिसंबर को रिलीज हुई ‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस पर जो गदर मचाया है, उसकी गूंज अब भी सुनाई दे रही है. इस फिल्म में रणवीर सिंह, संजय दत्त, अक्षय खन्ना, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन और राकेश बेदी जैसे दिग्गज कलाकारों की फौज नजर आई थी. कराची के खतरनाक इलाके ल्यारी टाउन पर बनी आदित्य धर की यह फिल्म खुफिया मिशन की एक रोंगटे खड़े कर देने वाली कहानी है. कमाई के मामले में तो इस फिल्म ने सारे रिकॉर्ड ही ध्वस्त कर दिए हैं. ‘धुरंधर’ ने दुनियाभर में 1300 करोड़ का भारी-भरकम कलेक्शन किया है, जिसमें से अकेले भारत से 800 करोड़ से ज्यादा की कमाई हुई है.
About the Author

साल 2015 में दैनिक भास्कर से करियर की शुरुआत की. फिर दैनिक जागरण में बतौर टीम लीड काम किया. डिजिटल करियर की शुरुआत आज तक से की और एबीपी, ज़ी न्यूज़, बिज़नेस वर्ल्ड जैसे संस्थानों में काम किया. पिछले 6 सालों से …और पढ़ें
![]()











