सोनभद्र/एबीएन न्यूज़। सोनभद्र जनपद से वर्ष 2026 में हज यात्रा पर जाने वाले 27 जायरीनों का टीकाकरण, मेडिकल स्क्रीनिंग एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम सोमवार 16 फरवरी को ओबरा स्थित इस्लामिया इंटर कॉलेज में आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति के निर्देशन में संपन्न हुआ।
टीकाकरण कैंप में जिले के सभी 27 चयनित हज यात्रियों ने भाग लिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सोनभद्र के निर्देश पर प्रभारी स्वास्थ्य केंद्र ओबरा डॉ. आलोक सहाय के नेतृत्व में चिकित्सा टीम ने टीकाकरण की प्रक्रिया पूरी कराई। इस दौरान जायरीनों की स्वास्थ्य जांच भी की गई, जिसमें ब्लड प्रेशर और शुगर की जांच कर उन्हें प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
चिकित्सा टीम में नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ओबरा की चिकित्साधिकारी श्रीमती आकांक्षा, स्टाफ नर्स मो. नसीम शाह, कार्यालय मुख्य चिकित्साधिकारी सोनभद्र की श्रीमती सीमा (एचवी), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन की टीम सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान हज प्रशिक्षक नज्म अली ने हज यात्रा से संबंधित आवश्यक नियमों, एहतियातों एवं धार्मिक विधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने जायरीनों को यात्रा के दौरान स्वास्थ्य, अनुशासन और आवश्यक दस्तावेजों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
प्रशिक्षण की व्यवस्था ओबरा जामा मस्जिद के इमाम कारी मोहम्मद असलम एवं इंतजामिया कमेटी के सचिव राज अली अंसारी द्वारा की गई। इस अवसर पर इंतजामिया कमेटी के सदर हुसैन वहीदी, नायाब सदर मोहम्मद अली, उप सचिव अली शेर अहमद, मोहम्मद फिरोज, रियाज तथा जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि हज यात्रा पर जाने वाले सभी यात्रियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह टीकाकरण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, ताकि वे सुरक्षित एवं सुगम यात्रा कर सकें।
![]()











