अमेरिकी कारोबारी और दोषी यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन के दस्तावेजों के सामने आने के बाद से ही दुनिया में उथल-पुथल मची हुई है। कई दिग्गज हस्तियों से लेकर वैश्विक नेताओं के एपस्टीन के साथ संबंध सामने आए हैं। इसमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नाम भी जुड़ा है। हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस मामले में खुद को क्लीन चिट दे दी है।
एयर फोर्स वन में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा, ‘मेरे पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है। मुझे बरी कर दिया गया है। मेरा जेफरी एपस्टीन से कोई लेना-देना नहीं है। मुझे एपस्टीन मामले में पूरी तरह से बरी कर दिया गया है।’
एपस्टीन फाइल्स में कई बार आया ट्रंप का नाम
जेफरी एपस्टीन से जुड़े सार्वजनिक किए गए सरकारी दस्तावेजों में डोनाल्ड ट्रंप का नाम कई बार आया है। इसकी वजह से अमेरिका की राजनीति और मीडिया में नई बहस छिड़ गई है। अमेरिकी न्याय विभाग ने जेफरी एपस्टीन से जुड़े हजारों दस्तावेजों को सार्वजनिक किया है। इनमें से कई में ट्रंप का जिक्र दर्ज है। हालांकि किसी भी फाइल में ट्रंप को किसी अपराध या यौन अपराध में आरोपी नहीं बताया गया है।
8 बार की एपस्टीन के विमान में ट्रंप ने यात्रा
न्याय विभाग की ओर से दिसंबर 2025 में जारी किए गए दस्तावेजों में से कुछ में डोनाल्ड ट्रंप का नाम कई बार देखा गया। इनमें ट्रंप और एपस्टीन के बीच के पुराने संपर्क और कई कथित टिप्पणियां शामिल थीं। इसमें ट्रंप के एपस्टीन के निजी विमान पर कम से कम आठ बार यात्रा करने का विवरण भी आया। हालांकि, अधिकारियों ने साफ किया है कि फाइल्स में दर्ज दावे ‘गलत और सनसनीखेज’ हैं। ट्रंप को किसी भी गैरकानूनी कृत्य में आरोपी नहीं माना गया है।
कई दिग्गजों के साथ एपस्टीन की तस्वीरें हुईं सार्वजनिक
कुछ दस्तावेजों में ट्रंप, उनके रिश्तेदारों और अन्य बड़े लोगों की तस्वीरें भी थीं, लेकिन वे फाइलों से गायब भी हो गईं, जिससे पारदर्शिता पर सवाल उठे हैं। अमेरिकी न्याय विभाग ने बताया कि ट्रंप के खिलाफ जो आरोप एपस्टीन के दस्तावेजों में आए हैं, वे एफबीआई द्वारा सत्यापित नहीं किए गए हैं और उनकी विश्वसनीयता संदिग्ध है।
अन्य वीडियो











