Last Updated:
Bollywood Movies With Same Title : 90 के दशक में सुपर स्टार मिथुन चक्रवर्ती ने लो बजट की कई फिल्मों में काम किया. ये सभी फिल्में ऊटी फैक्ट्री में बनीं. ऊटी में ही मिथुन दा का मोनार्क होटल है. 1993 से 2000 के बीच मिथुन दा ने कई दर्जन फिल्में यहीं पर बनाई गईं. कुछ फिल्में सफल रहीं तो कुछ डिजास्टर साबित हुईं. हालांकि इन फिल्मों ने छोटे शहरों में खूब कमाई की. छोटे कस्बों में मिथुन चक्रवर्ती की फिल्में उनके नाम से बिकती थीं. ऐसी ही एक एक्शन फिल्म 2000 में आई थी जो कि फ्लॉप रही थी. 16 साल बाद सेम टाइटल से एक और फिल्म बॉक्स ऑफिस पर आई. यह मूवी ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी. ये दोनों फिल्में कौन सी थीं, आइये जानते हैं.
मिथुन चक्रवर्ती 1969 में पहली बार मुंबई आए थे. 1982 में आई ‘डिस्को डांसर’ फिल्म से रातोंरात सुपर स्टार बन गए. फिर उन्होंने प्यार झुकता नहीं, गंगा जमुना सरस्वती और अग्निपथ जैसी फिल्मों में अपने अभिनय की धाक जमाई. 1993 में वो मुंबई छोड़कर ऊटी में रहने लगे. वहीं पर उन्होंने अपना मोनार्क होटल खोला. यहीं पर मिथुन दा छोटे बजट की फिल्में बनाने लगे. कई फिल्मों की स्टोरी इतनी वाहियात होती थी कि समीक्षकों ने इनका रिव्यू करना बंद कर दिया था. 2000 में मिथुन चक्रवर्ती की एक ऐसी फिल्म आई थी जिसके एक्शन सींस का आज खूब मजाक उड़ाया जाता है. इस फ्लॉप फिल्म में उनके साथ धर्मेंद्र भी नजर आए थे. इस फिल्म का नाम ‘सुल्तान’ था. 16 साल बाद सेम टाइटल से बनी फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी. आइये जानते हैं दोनों फिल्मों से जुड़े रोचक फैक्ट्स……

मिथुन चक्रवर्ती की सुल्तान फिल्म 17 मार्च 2000 को रिलीज हुई थी. यह एक एक्शन फिल्म थी जिसका डायरेक्शन टीएलवी प्रसाद ने किया था. टीएलवी प्रसाद ने मिथुन के साथ कम समय में इतनी ज्यादा फिल्में बनाईं कि उनका नाम लिमका बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज किया गया. फिल्म के प्रोड्यूसर अमित कुमार थे. फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती, सुवर्णा मैथ्यू, जैक गौड़, मुकेश ऋषि नजर आए थे. धर्मेंद्र का स्पेशल अपीयरेंस था. यह फिल्म तेलुगू मूवी ‘सुल्तान’ का रीमेक थी.

फिल्म का म्यूजिक बप्पी लाहिड़ी और आदेश श्रीवास्तव ने कंपोज किया था. मूवी में कुल 4 गाने रखे गए थे. इसके दो गाने बहुत पॉप्युलर हुए थे. ये गाने थे : ‘गोरे बदन पर यार कुर्ती कसी-कसी’ और ‘है सोणी कुड़ी नमकीन बड़ी’. इसमें से ‘गोरे बदन पर यार कुर्ती कसी-कसी’ छोटे शहरों में, आर्केस्ट्रा-नौटंकी में खूब सुनाई देता था. गाने को इला अरुण और सपना अवस्थी ने आवाज दी थी. गाने के बोल डबल मीनिंग के हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

मिथुन चक्रवर्ती की फिल्म ‘सुल्तान’ जिस दिन रिलीज हुई थी, उसी दिन सुनील शेट्टी-रंभा की फिल्म ‘क्रोध’ आई थी. इस फिल्म का ‘मेरा कंगना झांझड चूड़ी खन-खन करती है’ पॉप्युलर हुआ था. क्रोध फिल्म ‘सुल्तान’ पर भारी पड़ी थी. इन दोनों फिल्मों का कारोबार 14 जनवरी 2000 को रिलीज हुई ऋतिक रोशन की फिल्म ‘कहो ना प्यार’ ने डाला था. यह फिल्म दो माह से लगातार सिनेमाघरों में चल रही थी और सुपर ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी.

सुल्तान फिल्म के एक्शन सीन का सोशल मीडिया पर जमकर मजाक उड़ाया जाता है. फिल्म का बजट करीब 1.5 करोड़ रुपये था. फिल्म ने वर्ल्डवाइड 2.38 करोड़ का कलेक्शन किया था. यह एक बेलो एवरेज फिल्म साबित हुई थी. इस फिल्म के बाद भी ऊटी बेस्ड मिथुन चक्रवर्ती की कई फिल्में आईं, जिनमें बिल्ला नंबर 786, आज का रावण, जस्टिस चौधरी, कालिया, अंगारा जैसी फिल्में शामिल हैं.

दिलचस्प बात यह है कि 2000 में मिथुन चक्रवर्ती की ‘सुल्तान’ फिल्म के रिलीज होने के ठीक 16 साल बाद 2016 में सलमान खान की सेम टाइटल से फिल्म आई थी. दोनों फिल्मों का टाइटल सेम था लेकिन कहानी बिल्कुल अलग थी. सलमान खान की सुल्तान फिल्म ने बॉक्स-ऑफिस पर तहलका मचा दिया था जिसका निर्देशन अली अब्बास जफर ने किया था. सलमान खान-अनुष्का शर्मा स्टारर सुल्तान फिल्म 6 जुलाई 2016 को रिलीज हुई थी. फिल्म रेसलर सुल्तान की जिंदगी पर बेस्ड थी जिसका प्रोडक्शन यशराज फिल्म्स के बैनर तले हुआ था. फिल्म में कोच का किरदार रणदीप हुड्डा ने निभाया था. वैसे इस रोल के लिए पहली पसंद संजय दत्त थे.

सलमान खान ने 2012 में आई फिल्म ‘एक था टाइगर’ से यशराज फिल्म्स कैंप में एंट्री पाई थी. सुल्तान का नाम पहले ‘दंगल’ रखा जाना था लेकिन आमिर खान उन्हीं दिनों दंगल बना रहे थे. वो फिल्म थी रेसलिंग पर बेस्ड थी. इस फिल्म के लिए सलमान खान ने पहलवानों से ट्रेनिंग भी ली थी. उन्होंने अपने पूरे करियर में पहली बार लंगोट पहना था. कंगना रनौत ने यह फिल्म रिजेक्ट कर दी थी. उन्होंने कहा था कि वो किसी भी खान के साथ काम नहीं करना चाहतीं.

सुल्तान फिल्म का बजट 90 करोड़ रुपये था और मूवी ने 623.33 करोड़ रुपये का वर्ल्ववाइड कलेक्शन किया था. यह एक ब्लॉकबस्टर मूवी साबित हुई थी. ‘सुल्तान’ सलमान खान की लगातार 10वीं ऐसी फिल्म थी जो 100 करोड़ के क्लब में शामिल हुई थी. इतना ही नहीं, यह सलमान खान की दूसरी और बॉलीवुड की तीसरी ऐसी फिल्म थी जिसने 300 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया था.
![]()










