लखनऊ/एबीएन न्यूज। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल में क्षय रोग मुक्त भारत अभियान को गति देने के उद्देश्य से ऐशबाग रेलवे पॉलीक्लीनिक में 100 दिवसीय सघन ‘राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन’ कार्यक्रम के अंतर्गत एक विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन और अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दीक्षा चौधरी के नेतृत्व में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम के दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दीक्षा चौधरी ने उपस्थित रेलकर्मियों और उनके परिजनों को क्षय रोग उन्मूलन की शपथ दिलाई। उन्होंने क्षय रोग के लक्षणों, इसके बचाव और उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा क्षय रोगियों को कई प्रकार की चिकित्सीय सुविधाएं और सहायता प्रदान की जाती हैं।

उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षय रोग के मामलों की जल्द पहचान करना, निदान में होने वाली देरी को कम करना तथा उपचार के परिणामों को बेहतर बनाना है, ताकि समाज को इस गंभीर बीमारी से मुक्त किया जा सके। उन्होंने सभी से अपील की कि क्षय रोग के प्रति जागरूक रहें और लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सीय जांच कराएं।
इसी क्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय तिवारी ने चिकित्सालय में रेलकर्मियों और उनके परिवारजनों की स्वास्थ्य जांच की और उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श भी प्रदान किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजना पाटनी, पैरामेडिकल स्टाफ तथा बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर क्षय रोग उन्मूलन के इस अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
![]()












