सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जनपद में गर्मी के मौसम के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में उत्पन्न होने वाली पेयजल समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है। जिलाधिकारी श्री बी.एन. सिंह ने बताया कि जनपद स्तर तथा विकास खंड स्तर पर पेयजल शिकायतों के निस्तारण के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि इन कंट्रोल रूम के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों से प्राप्त पेयजल संबंधी शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को नोडल अधिकारी के रूप में नामित किया गया है, जो शिकायतों की निगरानी और समाधान की प्रक्रिया को सुनिश्चित करेंगे।
कंट्रोल रूम में प्रतिदिन प्राप्त होने वाली शिकायतों और उनके निस्तारण की जानकारी निर्धारित प्रारूप पर पंजिका में दर्ज की जाएगी। साथ ही शिकायतों और उनके निस्तारण से संबंधित सूचना शासन तथा राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन के ईमेल पर भी उपलब्ध कराई जाएगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि सभी नामित नोडल अधिकारी अपने क्षेत्र में प्राप्त शिकायतों, उनके निस्तारण और टैंकर संचालन से संबंधित जानकारी प्रतिदिन शाम 4 बजे तक विकास भवन स्थित पेयजल कंट्रोल रूम को ईमेल और व्हाट्सएप के माध्यम से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है और किसी भी शिकायत को गंभीरता से लेकर उसका समयबद्ध समाधान किया जाएगा।
![]()












