बीना/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। बलिया जनपद के रसड़ा तहसील अंतर्गत सिसवार कला गांव में जल्द ही विराट रुद्र महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इस महायज्ञ का आयोजन सोनभद्र के प्रसिद्ध संत भिखारी बाबा की देखरेख में किया जा रहा है। आयोजन की तैयारियों के तहत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ 51 फीट ऊंचा धर्मध्वज स्थापित किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल बन गया है।
आयोजन से जुड़े संतों और आयोजकों ने बताया कि महायज्ञ की शुरुआत 19 अप्रैल को भव्य कलश यात्रा के साथ होगी। कलश यात्रा के बाद कलश स्थापना की जाएगी, जिसके उपरांत विराट रुद्र महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ होगा। यज्ञ की पूर्णाहुति 23 अप्रैल को हवन-पूजन और विशाल भंडारे के साथ संपन्न होगी।
इस धार्मिक अनुष्ठान की देखरेख भिक्षुक भिखारी उर्फ जंगली दास तथा रमाशंकर गिरी जी महाराज द्वारा की जा रही है। वहीं आचार्य मंटू पांडेय द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ 51 फीट ऊंचा धर्मध्वज स्थापित कराया गया। आयोजन के मुख्य यजमान जनार्दन सिंह और विनोद सिंह बताए गए हैं।
कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए भिखारी बाबा ने बताया कि 20 अप्रैल को वेदी पूजन और जलाधिवास का आयोजन होगा। 21 अप्रैल को भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण, संकटमोचन हनुमान, भगवान शिव, माता पार्वती, कार्तिकेय, गणेश और नंदी की मूर्तियों का विधिवत अभिषेक किया जाएगा।
22 अप्रैल को मूर्तियों का श्रृंगार कर भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इसके बाद 23 अप्रैल को मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा, हवन-पूजन और यज्ञ की पूर्णाहुति की जाएगी। अंतिम दिन विशाल भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के प्रसाद ग्रहण करने की संभावना है।
मुख्य पुरोहित राजकिशोर दास जी महाराज द्वारा मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई जाएगी। वहीं प्रतिदिन सायंकाल अयोध्या से पधारे आचार्य राघवेंद्र जी द्वारा राम कथा का आयोजन भी किया जाएगा। आयोजन के प्रधान सेवक सुबोध जी ने क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
![]()












