बीजपुर/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। सोनभद्र जिले के बीजपुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मोबाइल देखने को लेकर हुए विवाद में पति ने अपनी पत्नी की सब्बल से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार यह घटना बीजपुर थाना क्षेत्र के सिरसोती ग्राम पंचायत अंतर्गत महुआबारी गांव की है। मृतका सुमन कुमारी (26 वर्ष) का विवाह आश्रम मोड़ निवासी कन्हैया के साथ हुआ था। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से अनबन चल रही थी, जिसके चलते सुमन कई वर्षों से अपने मायके महुआबारी में अपनी मां के साथ रह रही थी। हालांकि कुछ माह पहले आपसी सहमति से कन्हैया भी अपनी ससुराल में आकर रहने लगा था। दंपति के चार बच्चे बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि मंगलवार रात करीब 11 बजे सुमन मोबाइल फोन देख रही थी। इसी बात को लेकर कन्हैया और उसके बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कन्हैया ने गुस्से में आकर घर में रखे सब्बल से सुमन के सिर पर जोरदार वार कर दिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने सब्बल उसके पेट में भी घोंप दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी।
घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर परिजन और पड़ोसी मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बीजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल सुमन को एनटीपीसी रिहंद स्थित धनवंतरी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति कन्हैया को उसी रात हिरासत में ले लिया। बुधवार सुबह फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मृतका की मां सीता देवी की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस जघन्य घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।
![]()












