दुद्धी/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। तहसील मुख्यालय दुद्धी क्षेत्र के बिडर, धनौरा और बघाडू गांव में शारदा संगोष्ठी एवं वार्षिकोत्सव कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। बुधवार को प्राथमिक विद्यालय कलकलीबहरा प्रथम में आयोजित वार्षिकोत्सव एवं शारदा संगोष्ठी कार्यक्रम में विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और शैक्षिक गतिविधियों ने सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बीआरडी कॉलेज की प्रवक्ता डॉ. प्रियंका जायसवाल, विशिष्ट अतिथि राजकीय बालिका इंटरमीडिएट कॉलेज की प्रधानाचार्या रितिका श्रीवास्तव तथा ग्राम प्रधान बिडर श्रवण कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर और मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने शैक्षिक स्टॉल और टीएलएम का अवलोकन करते हुए रिबन काटकर स्कूल रेडीनेस कार्यक्रम का शुभारंभ किया। नवारंभ कार्यक्रम के अंतर्गत नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर और माल्यार्पण कर उनका स्वागत एवं उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में अभिभावकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति देखने को मिली। विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, नृत्य और इको क्लब के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। साथ ही उत्तर प्रदेश की विशेषताओं को दर्शाता लोकनृत्य और नवरात्र के अवसर पर बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत गुजरात का लोकप्रिय लोकनृत्य गरबा भी आकर्षण का केंद्र रहा।
विद्यालय को वर्ष 2025-26 में डीएलएड प्रशिक्षुओं द्वारा किए गए निपुण आकलन में 88 प्रतिशत अंक प्राप्त होने पर “निपुण विद्यालय” घोषित किया गया, जिसके लिए जनपद स्तर पर प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इस उपलब्धि के लिए अभिभावकों और विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान कक्षा 5 की छात्रा सृष्टि कुमारी को “बेस्ट स्टूडेंट अवार्ड” तथा श्रीमती रीमा देवी को “उत्कृष्ट अभिभावक पुरस्कार” से सम्मानित किया गया। कक्षा 5 उत्तीर्ण सभी बच्चों को पुरस्कृत करते हुए उन्हें विदाई दी गई। विद्यालय को उत्कृष्ट सहयोग देने के लिए समाजसेविका विनीता मसीह को भी अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं सेवानिवृत्त शिक्षामित्र लक्ष्मीपुरी सिंह को भी सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
मुख्य अतिथि डॉ. प्रियंका जायसवाल ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि प्रधानाचार्या रितिका श्रीवास्तव ने कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है, जिससे आत्मनिर्भर समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान श्रवण कुमार, एआरपी रामसूरत, वरिष्ठ शिक्षक शैलेश मोहन, मुसई राम, राजेश झा, लल्लू प्रजापति, महावीर सरस्वती शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य अनिल तिवारी, समाजसेवी बालकृष्ण जायसवाल, डॉ. कृष्ण कुमार चौरसिया, सुबोध कुमार, विजय बीडीसी सहित सैकड़ों अभिभावक उपस्थित रहे।
अंत में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका वर्षा रानी जायसवाल, सहायक अध्यापक अविनाश कुमार गुप्ता एवं शिक्षिका सरिता द्वारा सभी अतिथियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई। कार्यक्रम का संचालन भी प्रधानाध्यापिका वर्षा रानी जायसवाल ने किया।
![]()











