ठाणे में बोले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई की बहुप्रतीक्षित पहली अंडर ग्राउंड मेट्रो एक्वा लाइन 3 के पहले चरण का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। मुंबई की पहलीअंडर ग्राउंड मेट्रो एक्वा लाइन 3 देश की पहली संपूर्ण भूमिगत मेट्रो है। उन्होंने 14120 करोड़ रुपये की लागत वाली मुंबई मेट्रो लाइन 3 के बीकेसी से आरे जेवीएलआर खंड का उद्घाटन किया। ठाणे में परियोजना के उद्धघाटन के साथ ही पीएम ने ठाणे इंटीग्रल रिंग मेट्रो रेल परियोजना और एलिवेटेड ईस्टर्न फ्री वे एक्सटेंशन सहित 32,800 करोड़ रुपये से अधिक के विभिन्न विकास कार्याें की आधारशिला रखी। इसके अलावा उन्होंने नवी मुंबई हवाईअड्डा प्रभाव अधिसूचित क्षेत्र (NAINA) परियोजना का भी शिलान्यास किया।
पीएम ने कहा कि कांग्रेस, भारत की सबसे बेईमान और भ्रष्ट पार्टी है। चाहे कोई भी दौर हो, कोई भी राज्य हो, कांग्रेस का चरित्र नहीं बदलता। हिमाचल में कांग्रेस सरकार ने तो हद ही कर दी है। हिमाचल में कांग्रेस सरकार ने टॉयलेट टैक्स लगाया है। एक ओर मोदी कह रहा है टॉयलेट बनाओ और ये कह रहे हैं कि हम टॉयलेट पर टैक्स लगाएंगे। कांग्रेस लूट और फरेब का पूरा पैकेज है। पीएम ने कहा कि कांग्रेस जानती है कि उनका वोट बैंक तो एक रहेगा, लेकिन बाकी लोग आसानी से बंट जाएंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उनके साथियों का एक ही मिशन है, समाज को बांटो और सत्ता पर कब्जा करो। इसलिए हमारी एकता को ही देश की ढाल बनाना है। हमें याद रखना है कि अगर हम बंटेंगे तो बांटने वाले महफिल सजाएंगे। हमें कांग्रेस और अघाड़ी वालों के मंसूबों को कामयाब नहीं होने देना है। पीएम ने कहा कि कांग्रेस का असली रंग खुलकर सामने आ गया है। कांग्रेस को अब अर्बन नक्सल का गैंग चला रहा है। पूरी दुनिया में जो लोग भारत को आगे बढ़ने से रोकना चाहते हैं, कांग्रेस अब खुलकर उनके साथ खड़ी है। इसलिए अपनी घोर असफलता के बावजूद कांग्रेस, सरकार बनाने का सपना देख रही है।
पीएम ने कहा कि मुंबई की एक्वा लाइन मेट्रो का शुभारंभ हुआ है। इस लाइन का मुंबई के लोग काफी समय से इंतजार कर रहे थे। मैं जापान सरकार का भी आभार व्यक्त करना चाहता हूं। जापान ने जापानीज इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी के जरिये इस प्रोजेक्ट में बहुत सहयोग दिया है। उन्होंने कहा कि ठाणे से बाबा साहेब ठाकरे का खास लगाव था। यह स्व. आनंद दिघे का भी शहर है। इस शहर ने देश को आनंदी बाई जोशी जैसी देश की पहली महिला डॉक्टर दी थी। हम इन विकास कार्यों के जरिये इन महान विभूतियों के संकल्प को भी पूरा कर रहे हैं। मैं इन सभी विकास कार्यों के लिए महाराष्ट्र के सभी लोगों को बधाई देता हूं।
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार ने मराठी भाषा को शास्त्रीय भाषा का दर्जा दिया है। ये केवल मराठी और महाराष्ट्र का सम्मान नहीं है, बल्कि ये उस परंपरा का सम्मान है, जिसने इस देश को ज्ञान, दर्शन, अध्यात्म और साहित्य की समृद्ध संस्कृति दी है। मैं इसके लिए देश और दुनिया में मराठी बोलने वालों को बधाई देता हूं। उन्होंने कहा कि महायुति सरकार ने 33 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा के विकास कार्यों को शुरू किया है। यह विकास कार्य मुंबई और ठाणे को आधुनिक पहचान देंगे।
पीएम ने कहा कि आज हर भारतवासी का एक ही लक्ष्य है विकसित भारत। इसलिए हमारी सरकार का हर निर्णय, हर संकल्प, हर सपना विकसित भारत के लिए समर्पित है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए हमें मुंबई-ठाणे जैसे शहरों को फ्यूचर रेडी बनाना है। इसके लिए हमें डबल मेहनत करनी पड़ रही है क्योंकि हमें विकास भी करना है और कांग्रेस सरकारों के गड्ढों को भी भरना है। पीएम ने कहा कि आज एक तरफ महायुति सरकार है, जो महाराष्ट्र के विकास को ही अपना लक्ष्य मानती है। दूसरी ओर कांग्रेस और महाअघाड़ी वाले लोग हैं, उन्हें जब भी मौका मिलता है, वो विकास के काम को ठप कर देते हैं।
उन्होंने कहा कि मुंबई में मेट्रो लाइन-3 की शुरुआत देवेंद्र फडणवीस के मुख्यमंत्री रहते हुई थी। इसका 60 प्रतिशत काम उनके कार्यकाल में हो भी गया था, लेकिन फिर महाअघाड़ी की सरकार आ गई। महाअघाड़ी वालों ने अपने अहंकार में मेट्रो का काम लटका दिया। 2.5 साल तक काम अटके रहने से प्रोजेक्ट की कीमत 14 हजार करोड़ रुपये बढ़ गई। पीएम ने कहा कि पिछले एक हफ्ते का हाल देखिए। कांग्रेस के एक सीएम का जमीन घोटाले में नाम आया है। उनके एक मंत्री महिलाओं को गालियां दे रहे हैं, उनको अपमानित कर रहे हैं। हरियाणा में कांग्रेस का एक नेता ड्रग्स के साथ पकड़ा गया। कांग्रेस चुनाव में बड़े-बड़े वादे करती है, लेकिन सरकार बनने पर जनता के शोषण के नए-नए तरीके खोजती है। आए दिन, नए-नए टैक्स लगाकर अपने घोटालों के लिए पैसा जुटाना ही इनका एजेंडा है।