लखनऊ/एबीएन न्यूज। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल में 69वां रेल सेवा पुरस्कार-2024 समारोह बुधवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के बहुउद्देशीय हॉल में भव्यता के साथ आयोजित हुआ। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल एवं महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती श्रुति गुप्ता की उपस्थिति में मंडल के 44 रेलकर्मियों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं और सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह की शुरुआत पूर्वोत्तर रेलवे कला समिति द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम से हुई। इसके बाद मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल ने सभी पुरस्कृत रेलकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि लखनऊ मंडल की उपलब्धियां सभी के सामूहिक प्रयासों का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि रेल संचालन की जटिल चुनौतियों को कर्मठ रेलकर्मियों ने बखूबी निभाया है और मंडल ने कार्यकुशलता, मितव्ययता और यात्री सुविधाओं के क्षेत्र में उत्तम प्रदर्शन किया है।
उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत मंडल के छह स्टेशनों – सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, स्वामी नारायण छपिया, रामघाट हाल्ट, गोला गोकर्णनाथ एवं मैलानी जंक्शन – का 22 मई 2025 को लोकार्पण किया गया। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के कारण यात्री संख्या और आय में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) श्री भुवनेश सिंह, महिला कल्याण संगठन की सदस्याएं, शाखाधिकारी, यूनियन पदाधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिजन मौजूद रहे। संचालन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री राहुल यादव ने किया।
पुरस्कृत कर्मचारियों में वाणिज्य, विद्युत, इंजीनियरिंग, यांत्रिक, परिचालन, कार्मिक, संरक्षा, सुरक्षा, सिग्नल एवं दूरसंचार, भंडार तथा वित्त विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।