सोनभद्र/एबीएन न्यूज़। एनसीएल के दूधिचुआ क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण विस्तार की दिशा में एक अभिनव पहल के तहत ड्रोन की सहायता से ओबी डंप पर सीडबॉल ड्रॉपिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस तकनीक के माध्यम से स्थानीय पौधों की प्रजातियों से तैयार सीडबॉल्स को ऊंचे और कठिन भूभागों पर समान रूप से वितरित किया गया, जिससे क्षेत्र में प्राकृतिक हरियाली का पुनर्स्थापन सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम के दौरान महाप्रबंधक श्री वी.के. सिंह, परियोजना अधिकारी श्री पी.के. त्रिपाठी, स्टाफ अधिकारी (खनन) श्री आर.के. मिश्रा, नोडल अधिकारी (पर्यावरण) श्री सावन खरे, तथा सहायक प्रबंधक (पर्यावरण) श्री तनुज गुप्ता सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
यह अभियान जिला पंचायत सिंगरौली के सहयोग से संचालित किया गया। कार्यक्रम में उपयोग किए गए सीडबॉल्स का निर्माण स्थानीय महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा किया गया था, जिससे ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण का अवसर मिला और सामाजिक समावेशन के साथ सतत विकास का संदेश भी प्रसारित हुआ।
ड्रोन तकनीक के माध्यम से की गई यह पहल न केवल खनन क्षेत्रों के पारिस्थितिकीय संतुलन को बहाल करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण और नवाचार के संगम का उत्कृष्ट उदाहरण भी प्रस्तुत करती है।
![]()











