सर्किट हाउस में जनसुनवाई के दौरान सोमवार को फिरोजाबाद की एक दंपती ने राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान से बहू की शिकायत की। आरोप लगाया है कि बहू ने बेटे को प्रताड़ित कर जेल भिजवाया। डरकर वह आगरा में रह रहा है। हमें भी कई बार घर से भगा चुकी है। वह घर पर कब्जा करना चाहती है। हमारी सहायता करों नहीं तो बहू किसी दिन हमें मार डालेगी। आयोग अध्यक्ष ने कार्रवाई का आश्वासन दिया।
फिरोजाबाद के टूंडला की शिवपुरी कॉलोनी निवासी दंपती अरपना पाठक और सतीश पाठक ने बताया कि उनके इकलौते बेटे दिवांशु की शादी पिछले साल दिसंबर में मोनिका शर्मा से हुई थी। मोनिका अपने मायके वालों के प्रभाव में आकर बेटे और उनके साथ मारपीट करती है। फर्जी शिकायत कर बेटे को जेल भिजवा दिया। डर से सतीश और दिवांशु आगरा में रहने लगे हैं। अरपना ने कहा कि पुलिस उनकी नहीं सुनती है। केवल बहू की ही सुनती है। बहू सभी को भगाकर घर पर कब्जा करना चाहती है।
उधर, सोमवार को सर्किट हाउस में महिला उत्पीड़न से संबंधित जन सुनवाई में आयोग अध्यक्ष के सामने करीब 53 शिकायतें आई। जिनमें अधिकतर घरेलू विवाद थे। अध्यक्ष ने कहा कि योगी सरकार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे।