लखनऊ/एबीएन न्यूज़। भारत की एकता और अखंडता के शिल्पकार, सशक्त एवं आधुनिक भारत के निर्माता, लौह पुरुष भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल में राष्ट्रीय एकता दिवस बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर शुक्रवार को चारबाग स्थित रेलवे स्टेडियम में “रन फॉर यूनिटी” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक श्री सुनील कुमार वर्मा ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया तथा अधिकारियों, खिलाड़ियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।

मंडल रेल प्रबंधक ने अपने संबोधन में कहा कि सरदार पटेल ने देश की अखंडता और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने में जो ऐतिहासिक योगदान दिया, वह हर भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि हमें उनके आदर्शों पर चलते हुए एकजुट भारत के निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाना चाहिए।

इसके बाद रन फॉर यूनिटी की शुरुआत रेलवे स्टेडियम से हुई, जो उत्तर रेलवे चारबाग स्टेशन तक पहुंची और पुनः स्टेडियम पर आकर संपन्न हुई। इस अवसर पर मंडल के अधिकारी, कर्मचारी, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में रेलकर्मी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान “एकता में ही शक्ति है”, “एक भारत–श्रेष्ठ भारत” जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा। सभी प्रतिभागियों ने सरदार पटेल के आदर्शों और राष्ट्रीय एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
![]()











