बीना/सोनभद्र/एबीएन न्यूज़। एनसीएल बीना परियोजना स्थित एटक यूनियन कार्यालय में शुक्रवार सुबह एटक स्थापना दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय माहौल में मनाया गया। सुबह लगभग 7:20 बजे एटक के महामंत्री अजय कुमार यादव ने झंडा रोहण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान मिठाइयां वितरित की गईं और सैकड़ों कर्मचारियों ने भाग लेकर संगठन के प्रति अपनी निष्ठा और एकजुटता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में बीना शाखा के सचिव जागेंद्र तिवारी, अध्यक्ष धीरेन्द्र नाथ यादव सहित बड़ी संख्या में सदस्य और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर महामंत्री अजय कुमार यादव ने कहा कि “एटक की स्थापना को आज 105 वर्ष पूरे हो चुके हैं। यह संगठन दशकों से मजदूरों के अधिकारों की रक्षा, श्रमिक कल्याण और औद्योगिक संतुलन के लिए निरंतर संघर्षरत है।”
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा लागू किए गए लेबर कानून मजदूरों के हितों के विपरीत हैं और अब समय आ गया है कि मजदूर वर्ग एकजुट होकर अपने हक की लड़ाई को और मजबूत करे। उन्होंने कहा, “हमारी एकता ही हमारी ताकत है, और इसी से हमें अपने अधिकारों की रक्षा करनी होगी।”

अध्यक्ष धीरेन्द्र नाथ यादव ने बताया कि एटक (ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस) की स्थापना 31 अक्टूबर 1920 को लाला लाजपत राय द्वारा की गई थी, जो भारतीय श्रमिक आंदोलन का एक ऐतिहासिक अध्याय रहा है। इस अवसर पर रूद्र झा, जीतेन्द्र सिंह, जीतेन्द्र वर्मा, धर्मराज कुर्मी, गोरे लाल, आनंद कुमार, वरुण देव पाण्डेय, आनंद कुमार उकील, अहीर गोलक साहू सहित बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे। सभी ने मजदूर एकता के नारे लगाए और संगठन को सशक्त बनाने का संकल्प लिया।
![]()












