बीना/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। आम आदमी पार्टी, उत्तर प्रदेश (काशी प्रांत) के अध्यक्ष पवन तिवारी ने गुरुवार को रॉबर्ट्सगंज में पार्टी के जिला प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह के नेतृत्व में 12 नवंबर से 24 नवंबर तक “सरयू से संगम” तक आयोजित होने वाली “रोजगार दो – सामाजिक न्याय दो” पदयात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रमेश गौतम ने की।
बैठक से पूर्व पवन तिवारी ने नगर पालिका परिषद क्षेत्र के घसिया बस्ती स्थित आदिवासी क्षेत्र का भ्रमण किया और वहां की समस्याओं का जायज़ा लिया। उन्होंने कहा कि बस्ती में अब तक किसी परिवार को पक्का मकान नहीं मिला है और आदिवासी समुदाय अत्यंत दयनीय स्थिति में जीवन यापन कर रहा है।
प्रांत अध्यक्ष ने कहा कि “उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश में भाजपा सरकार सामाजिक अन्याय कर रही है। धर्म और जाति के नाम पर समाज को बांटा जा रहा है जबकि युवाओं को रोजगार से वंचित रखा गया है। आज प्रदेश का युवा रोजगार के लिए दूसरे राज्यों की ओर पलायन करने को मजबूर है।” उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की यह पदयात्रा प्रदेश की डबल इंजन सरकार को झकझोरने का काम करेगी।

इस अवसर पर जिला प्रभारी सुनील पांडेय ने कहा कि “किसान आज सबसे बड़ी समस्या से जूझ रहा है। खाद के अभाव से लेकर बेमौसम बारिश और आंधी ने उसकी फसलें चौपट कर दी हैं, मगर सरकार किसान की सुनने के बजाय बिहार में कट्टा-बंदूक की राजनीति में व्यस्त है।”
बैठक में प्रदेश सचिव रमाकांत शाहू, श्रवण कुमार, धीरेन्द्र कुमार, जितेंद्र, संतोष त्यागी, विनोद वर्मा, रामजी मौर्या, गोविंद चौबे, राजकुमार मौर्या, दिनेश पटेल, राजेश सिंह, बृजेश कन्नौजिया, मनोज पनिका, रामलाल गोंड, अनवर अली सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
![]()











