सोनभद्र/एबीएन न्यूज। आगामी दिनों में आयोजित होने वाले “जनजातीय गौरव दिवस” कार्यक्रम एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित आगमन को लेकर चोपन में की जा रही तैयारियों का विंध्याचल मंडल के आयुक्त श्री राजेश प्रकाश एवं महानिरीक्षक श्री आर.पी. सिंह ने शनिवार को संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने हेलीपैड क्षेत्र में विद्युत तारों को हटाकर सुव्यवस्थित करने और आसपास की झाड़ियों की सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन के दृष्टिगत सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण और सुरक्षित होनी चाहिए। आयुक्त और आईजी ने हेलीपैड से जनसभा स्थल तक के मार्ग का भी निरीक्षण किया और निर्देश दिए कि सड़कों की मरम्मत व समतलीकरण का कार्य शीघ्र पूरा किया जाए ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इसके बाद दोनों अधिकारियों ने जनसभा स्थल पर बन रहे मंच, टेंट, बैरिकेटिंग, भीड़ नियंत्रण, मीडिया कवरेज मंच, वीआईपी एरिया, पानी व शौचालय जैसी सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की सहूलियत और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूरी की जाएं।

आयुक्त राजेश प्रकाश ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान करमा जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों के मंचों का चयन और प्रबंधन भी बेहतर ढंग से किया जाए ताकि आयोजन आकर्षक और सुव्यवस्थित बने। इस अवसर पर जिलाधिकारी बी.एन. सिंह, पुलिस अधीक्षक आशीष वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रमेश चन्द्र, उप जिलाधिकारी ओबरा विवेक सिंह सहित कई विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()











