महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को दिल्ली कार धमाकों के पीछे पाकिस्तान का हाथ होने का दावा किया। देवेंद्र फडणवीस ने ये भी दावा किया कि आतंकियों ने देश के हर कोने को दहलाने की साजिश रची थी।
देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि पाकिस्तान जानता है कि वो सीधी लड़ाई में भारत को नहीं हरा सकता है। उन्होंने कहा कि इसलिए वो एक छद्म युद्ध छेड़ने की कोशिश करता है और दिल्ली में एक विस्फोट के साथ वो एक बार फिर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की कोशिश करता है।
भाजपा नेता ने पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद की निंदा करते हुए कहा, ‘मुझे खुशी है कि आज हमारा भारत बदल गया है। भारत ने सबसे पहले इन बातों को भांप लिया और ऑपरेशन चलाए।’ उन्होंने कहा कि आतंकियों का इरादा भारत के कोने-कोने में बम विस्फोट करने का था और मुंबई समेत हमारे देश के कई शहर उनके निशाने पर थे।
उन्होंने कहा कि जब हमारी भारतीय एजेंसियां इस बात को भांप गई और उन्होंने उन पर सीधा हमला किया, तो आतंकियों ने दिल्ली में विस्फोट करके अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। गौरतलब है कि अभी तक केंद्र सरकार की ओर से इस हमले के पीछे पाकिस्तान की भूमिका होने या न होने को लेकर कोई जानकारी नहीं दी गई है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से कहा गया था कि इस धमाके के पीछे के हर पहलू की जांच जारी है। अमित शाह ने कहा था कि दिल्ली कार धमाके दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा था कि उन्हें पाताल से भी खोज निकाला जाएगा।











