05:34 AM, 04-Jan-2026
मेरे दोस्त को छोड़ो, वरना होगा विश्व युद्ध: किम जोंग
अमेरिका-वेनेजुएला की जंग में उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग भी कूद पड़े हैं। किम जोंग ने मादुरो को अपना दोस्त बताते हुए अमेरिका को विश्व युद्ध की चेतावनी दी है और उनकी तत्काल रिहाई की मांग की है।
05:23 AM, 04-Jan-2026
स्टार्मर ने मादुरो को बताया अवैध राष्ट्रपति
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने वेनेजुएला में हुए हालिया घटनाक्रम पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन लंबे समय से वेनेजुएला में सत्ता परिवर्तन का समर्थन करता रहा है। प्रधानमंत्री स्टार्मर ने साफ कहा कि ब्रिटेन निकोलस मादुरो को वैध राष्ट्रपति नहीं मानता था और उनके शासन के अंत पर उसे कोई दुख नहीं है।
उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय कानून के समर्थन की बात दोहराई है। ब्रिटेन सरकार आने वाले दिनों में अमेरिका के साथ इस पूरे मामले पर चर्चा करेगी, ताकि वेनेजुएला में शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से सत्ता का बदलाव हो सके। स्टार्मर ने कहा कि लक्ष्य यह है कि वेनेजुएला में ऐसी सरकार बने जो वहां के लोगों की इच्छा को सही तरीके से दर्शाए और देश में स्थिरता आए।
03:50 AM, 04-Jan-2026
मादुरो को लाया गया न्यूयॉर्क
वेनेजुएला पर अमेरिकी कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किए गए वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को लेकर आया विमान न्यूयॉर्क पहुंच गया है। रिपोर्ट में बताया गया है कि मादुरो को अब अमेरिका में कानूनी कार्रवाई और पूछताछ का सामना करना पड़ेगा। अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि उन पर ड्रग तस्करी और संगठित अपराध से जुड़े गंभीर आरोप हैं।
01:48 AM, 04-Jan-2026
वेनेजुएला पर अमेरिकी हमले के बाद कैरेबियन में उड़ानें प्रभावित
अमेरिका द्वारा वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को हिरासत में लेने और देश से बाहर ले जाने की कार्रवाई के बाद कैरेबियन क्षेत्र में यात्रा पर बड़ा असर पड़ा है।
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार शनिवार को कोई भी एयरलाइन वेनेजुएला के ऊपर से नहीं उड़ रही थी। इसके अलावा, बड़े एयरलाइंस ने पूर्वी कैरेबियन क्षेत्र में सैकड़ों फ्लाइट रद्द कर दीं और यात्रियों को चेतावनी दी कि यह व्यवधान कई दिनों तक जारी रह सकता है।
पोर्टो रिको, वर्जिन आइलैंड्स, अरूबा और वेनेजुएला के पास अन्य गंतव्यों के लिए कई फ्लाइट्स रद्द कर दी गई हैं। एयरलाइंस ने कहा कि जो यात्री अपनी उड़ान बदलना चाहते हैं, उनके लिए परिवर्तन शुल्क नहीं लगेगा।
01:48 AM, 04-Jan-2026
ट्रंप का दावा- वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति को बनाया गया राष्ट्रपति
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति डेलसी रोड्रिगेज को राष्ट्रपति के रूप में शपथ दिलाई गई है। उन्होंने कहा कि रोड्रिगेज ने अमेरिका के साथ सहयोग का भरोसा जताया और “वेनेजुएला को फिर से महान बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने को तैयार हैं। इससे पहले, विपक्षी नेता मारिया कोरिना माचाडो ने कहा कि 2024 के चुनाव में सही विजेता एडमंडो गोंजालेज हैं और उन्हें सत्ता संभालनी चाहिए।
01:47 AM, 04-Jan-2026
संयुक्त राष्ट्र राजदूत सैमुअल मोंकाडा ने सुरक्षा परिषद को लिखा पत्र
वेनेजुएला के संयुक्त राष्ट्र राजदूत सैमुअल मोंकाडा ने शनिवार को यूएन सुरक्षा परिषद को पत्र लिखा। उन्होंने चेताया कि अमेरिका के हमलों के मद्देनजर वेनेजुएला स्वयं की रक्षा करने का अधिकार सुरक्षित रखता है। पत्र में मोंकाडा ने आपात बैठक बुलाने और अमेरिका की कार्रवाई की निंदा करने की मांग की। उन्होंने लिखा कि अमेरिका की कार्रवाई हमारे लोकतांत्रिक सरकार को खत्म करने और प्राकृतिक संसाधनों पर कब्ज़ा करने की औपनिवेशिक नीति है।
01:45 AM, 04-Jan-2026
मार्को रुबियो ने दिया इशारा, क्या क्यूबा हो सकता है अगला लक्ष्य?
अमेरिका के विदेश सचिव मार्को रुबियो ने कहा है कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी को हिरासत में लेने के बाद क्यूबा अगला निशाना हो सकता है। रुबियो ने कहा कि अगर मैं हवाना में सरकार में होता, तो मैं कम से कम थोड़ा चिंता करता। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि अमेरिका ने लातिन अमेरिका में पहले भी कई सैन्य हस्तक्षेप किए हैं, जैसे 1961 में क्यूबा में बे ऑफ पिग्स आक्रमण, जिसका उद्देश्य फिदेल कास्त्रो को हटाना था।
01:40 AM, 04-Jan-2026
वेनेजुएला के उपराष्ट्रपति ने मादुरे की रिहाई की मांग की
वेनेजुएला के उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने शनिवार को अमेरिकी कार्रवाई की निंदा की। उन्होंने राष्ट्रपति मादुरो की तुरंत रिहाई की मांग की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को तुरंत रिहा किया जाए। उन्होंने मादुरो को देश का सही और वैध नेता बताया।
01:38 AM, 04-Jan-2026
शूमर ने ट्रंप की वेनेजुएला पर कार्रवाई को बताया लापरवाह
संयुक्त राज्य अमेरिका के सेनेट डेमोक्रेटिक लीडर चक शूमर ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की वेनेजुएला में हालिया कार्रवाई को लापरवाह बताया है। शूमर ने कहा कि यह सोचकर ही अमेरिकी नागरिकों के दिलों में डर बैठ जाना चाहिए कि ट्रंप अब वेनेजुएला को चलाने की योजना बना रहे हैं। न्यूयॉर्क के सीनेटर शूमर ने बताया कि ट्रंप प्रशासन ने उन्हें कई बार आश्वासन दिया था कि अमेरिका वेनेजुएला में शासन परिवर्तन या सैन्य कार्रवाई नहीं करेगा, लेकिन अब लगता है कि अमेरिकियों के साथ साफ-साफ नहीं कहा जा रहा। साथ ही, कुछ रिपब्लिकन नेताओं जैसे मार्को रुबियो ने इशारा किया है कि मादुरो को हटाने के बाद क्यूबा भी अगला लक्ष्य हो सकता है।
01:24 AM, 04-Jan-2026
अमेरिकी कार्रवाई की नेतन्याहू ने की तारीफ
इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेरिका की तरफ से वेनेजुएला पर की गई कार्रवाई की तारीफ की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में कहा कि स्वतंत्रता और न्याय के पक्ष में ट्रंप को साहसी और ऐतिहासिक नेतृत्व के लिए बधाई। मैं आपकी निर्णायक सोच और आपके बहादुर सैनिकों की शानदार कार्रवाई को सलाम करता हूं।












