Last Updated:
आमिर खान प्रोडक्शंस ने पिछले 24 सालों में बॉलीवुड को एक से बढ़कर एक नायाब तोहफे दिए है. इस बैनर की खासियत यह है कि इन्होंने कभी भी घिसे-पिटे फॉर्मूले पर काम नहीं किया. चाहे वह ऑस्कर तक पहुंचने वाली ‘लगान’ हो, डिस्लेक्सिया पर बनी ‘तारे जमीन पर’ या फिर हाल ही में चर्चा बटोरने वाली ‘लापता लेडीज’. हर फिल्म ने सिनेमा की परिभाषा को बदला है. आमिर खान ने एक प्रोड्यूसर के तौर पर हमेशा ऐसी कहानियों को चुना, जो न केवल मनोरंजन करती हैं बल्कि समाज को एक आईना भी दिखाती हैं.
नई दिल्ली. आमिर खान को बॉलीवुड का मिस्टर परफेक्शनिस्ट कहा जाता है और उनकी प्रोडक्शन कंपनी की फिल्में इस बात का सबूत हैं. पिछले दो दशकों में इस बैनर ने एक से बढ़कर एक ऐसी फिल्में दी हैं, जिन्होंने न केवल बॉक्स ऑफिस पर करोड़ों की कमाई की, बल्कि समाज को सोचने पर भी मजबूर कर दिया. चाहे वो खेल और देशभक्ति का संगम हो या फिर बच्चों की मासूमियत और उनकी शिक्षा से जुड़ी कहानियां, आमिर खान ने हमेशा लीक से हटकर सिनेमा पेश किया है. यहां पर देखिए 7 फिल्मों की लिस्ट.

लगान: साल 2001 में रिलीज यह एक फिल्म नहीं, बल्कि एक इमोशन है. इसकी कहानी एक छोटे से गांव की है, जहां के लोग क्रूर अंग्रेज शासकों के खिलाफ क्रिकेट का मैच खेलते हैं ताकि उन्हें लगान (टैक्स) न देना पड़े. ऑस्कर के लिए नॉमिनेट हुई इस फिल्म ने खेल और देशभक्ति को ऐसे मिलाया कि हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो गया. इसने बॉलीवुड में पीरियड ड्रामा फिल्मों का दौर फिर से शुरू कर दिया. (फोटो साभार: IMDb)

तारे जमीन पर: आमिर खान के निर्देशन में बनी इस पहली फिल्म ने बच्चों को देखने का नजरिया ही बदल दिया. फिल्म ने डिस्लेक्सिया और बच्चों के मनोविज्ञान जैसे गंभीर विषय को बहुत ही खूबसूरती से पर्दे पर उतारा. इसने भारतीय माता-पिता और शिक्षा प्रणाली को यह सोचने पर मजबूर कर दिया कि हर बच्चा खास होता है और स्लो लर्नर होना कोई बीमारी नहीं, बल्कि एक अलग नजरिया है. यह मूवी साल 2007 में आई थी. (फोटो साभार: IMDb)
Add News18 as
Preferred Source on Google

जाने तू या जाने ना: इस फिल्म ने शहर के युवाओं और कॉलेज लाइफ के रोमांस को एक नई पहचान दी. इसमें जय और अदिति की दोस्ती और प्यार को बहुत ही नैचुरल और बोलचाल वाली भाषा में दिखाया गया था, जिससे उस दौर की नई पीढ़ी तुरंत जुड़ गई. इमरान खान की इस डेब्यू फिल्म ने पुराने घिसे-पिटे लव स्टोरी के फॉर्मूले को तोड़कर एक ताजा और मॉडर्न कहानी पेश की. आमिर खान के प्रोडक्शन में बनी यह मूवी साल 2008 में रिलीज हुई थी. (फोटो साभार: IMDb)

पीपली लाइव: यह फिल्म किसानों की आत्महत्या जैसे गंभीर मुद्दे और मीडिया की संवेदनहीनता पर एक करारा कटाक्ष है. कहानी एक गरीब किसान के इर्द-गिर्द घूमती है, जो कर्ज न चुका पाने के कारण जान देने का ऐलान कर देता है. इसके बाद वहां टीवी चैनल्स और नेताओं का जो तमाशा शुरू होता है, वह समाज की कड़वी सच्चाई को कॉमेडी के जरिए बहुत ही सफाई से पर्दे पर दिखाता है. यह मूवी साल 2010 में रिलीज हुई थी. (फोटो साभार: IMDb)

डेल्ही बेली: साल 2011 में रिलीज हुई यह एक जबरदस्त डार्क कॉमेडी फिल्म है, जो तीन रूममेट्स की कहानी है. एक छोटी सी गलती और एक पैकेट की अदला-बदली की वजह से ये तीनों अनजाने में एक खूंखार गैंगस्टर के जाल में फंस जाते हैं. बोल्ड कॉमेडी, मजेदार डायलॉग्स और एकदम अलग तरह के गानों के लिए यह फिल्म युवाओं के बीच बहुत पॉपुलर हुई थी. (फोटो साभार: IMDb)

लापता लेडीज: किरण राव के निर्देशन में बनी यह फिल्म पितृसत्तात्मक सोच पर एक मीठी चोट करती है. कहानी दो दुल्हनों के ट्रेन में अदला-बदली होने के छोटे से वाकये पर आधारित है, लेकिन इसके जरिए फिल्म महिलाओं की पहचान और उनकी असली भूमिका पर बहुत बड़ी बात कह जाती है. आमिर खान के प्रोडक्शन में बनी इस फिल्म ने दर्शकों के दिलों को जीत लिया और इसे खूब तारीफें मिलीं. लापता लेडीज फिल्म साल 2024 में रिलीज हुई थी. (फोटो साभार: IMDb)

सितारे जमीन पर: इस फिल्म के साथ आमिर खान एक नई कहानी लेकर आए फिल्म का केंद्र ‘डाउन सिंड्रोम’ है. दुनियाभर में बहुत कम ऐसे सुपरस्टार्स हैं, जो बच्चों की सीखने की समस्याओं या शारीरिक चुनौतियों पर इतने विश्वास के साथ फिल्में बनाते हैं. यह फिल्म समाज को एक नई सहानुभूति और समझ देने का वादा करती है. साल 2025 में आई इस फिल्म में आमिर खान ने लीड रोल निभाया था. (फोटो साभार: IMDb)
![]()












