सोनभद्र/एबीएन न्यूज़। सोनभद्र जनपद में अवैध खनन एवं अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी बी०एन० सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में खनन, पुलिस, वन और परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए कि अवैध गतिविधियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में यदि कहीं भी अवैध खनन पाया जाता है तो संबंधित खनन अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि अवैध खनन की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस कार्य में शिथिलता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस विभाग को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि थाना क्षेत्रों में विशेषकर नदियों के जल क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जाए। यदि किसी स्थान पर अवैध खनन होता पाया जाता है तो संबंधित थानाध्यक्ष द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कदम उठाए जाएं।

वन क्षेत्र में अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए वन विभाग को प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही जनपद में संचालित आरा मशीनों की वैध लाइसेंस सूची वन विभाग द्वारा उपलब्ध कराने और अवैध रूप से संचालित आरा मशीनों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग को निर्देशित किया कि बिना वैध प्रपत्रों के खनिज परिवहन करने वाले वाहनों पर तत्काल जुर्माना और जब्ती की कार्रवाई की जाए। नंबर प्लेट बदलकर परिवहन करने वाले वाहनों के विरुद्ध भारी जुर्माना लगाया जाए तथा ऐसे मामलों में प्राथमिकी भी दर्ज कराई जाए।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए, ताकि अवैध खनन और परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके। बैठक में ज्येष्ठ खान अधिकारी कमल कश्यप, डीएफओ रॉबर्ट्सगंज, पुलिस क्षेत्राधिकारी रणधीर मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
![]()












