लखनऊ/एबीएन न्यूज़। पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल क्रीड़ा संघ द्वारा ऐशबाग रेलवे स्टेडियम में आयोजित “अंतर विभागीय टी-20 क्रिकेट लीग 2026” (आईडीएल) टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला आज इंजिनियरिंग डेयर डेविल्स और सिक्योरिटी हंटर्स के बीच खेला गया। रोमांच से भरपूर इस मुकाबले में सिक्योरिटी हंटर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 विकेट से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया।
फाइनल मैच में इंजिनियरिंग डेयर डेविल्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया, लेकिन पूरी टीम 17.4 ओवर में 85 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से सचिन चौधरी ने सर्वाधिक 33 रन बनाए, जबकि अब्बुस खान ने 21 रन और सचिन कुमार ने 8 रन का योगदान दिया। सिक्योरिटी हंटर्स की ओर से गेंदबाजी में विश्वास यादव ने 2 विकेट और रामआशीष यादव ने 3 विकेट लेकर विपक्षी टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोके रखा।
86 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिक्योरिटी हंटर्स की टीम ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए मात्र 10.5 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 86 रन बनाकर जीत हासिल कर ली। रामआशीष यादव ने 39 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, जबकि अखिलेश यादव ने 23 रन और अमित सिंह ने 16 रन का योगदान दिया। इंजिनियरिंग डेयर डेविल्स की ओर से रोहित और रामदेव ने एक-एक विकेट हासिल किया, लेकिन टीम को जीत दिलाने में असफल रहे।

पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती नीतू (परिचालन) ने विजेता और उपविजेता टीमों को शील्ड प्रदान की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि दोनों टीमों के बीच खेला गया फाइनल मुकाबला अत्यंत रोमांचक और प्रतिस्पर्धात्मक रहा। उन्होंने खिलाड़ियों की खेल भावना और अनुशासन की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागियों को बधाई दी।
फाइनल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सिक्योरिटी हंटर्स के रामआशीष यादव को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। वहीं पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए अत्ताउल्ला खान को प्लेयर ऑफ द सीरीज, मनीष झा को बेस्ट बैट्समैन और सिद्धांत सिंह को बेस्ट बॉलर का पुरस्कार प्रदान किया गया। टूर्नामेंट के सफल आयोजन से रेलवे कर्मचारियों में खेल के प्रति उत्साह और टीम भावना को नया बल मिला है।
![]()












