सोनभद्र/एबीएन न्यूज। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल), सिंगरौली द्वारा रविवार को निगाही क्षेत्र में ‘अभ्युदय मेला–2026’ का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। निगाही परियोजना के स्टेडियम परिसर में आयोजित इस मेले में एनसीएल परिवार के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों की भारी सहभागिता देखने को मिली, जिससे पूरा परिसर उत्साह और उल्लास से सराबोर रहा।
कार्यक्रम में एनसीएल के निदेशक (वित्त) श्री रजनीश नारायण, निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री सुनील प्रसाद सिंह, निदेशक (तकनीकी/परियोजना एवं योजना) श्री आशुतोष द्विवेदी तथा मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री अजय कुमार जायसवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी निदेशकगणों ने मेले का भ्रमण कर विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और स्टॉल संचालकों से संवाद कर उनके प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर सिलोस प्रेसिडेंट एवं कृति महिला मंडल एनसीएल की अध्यक्षा श्रीमती बी. के. दुर्गा, उपाध्यक्षा श्रीमती नम्रता कुमार, श्रीमती संगीता नारायण, श्रीमती शीला द्विवेदी, श्रीमती रूबी जायसवाल सहित कृति महिला मंडल की विभिन्न शाखाओं की अध्यक्षा एवं सदस्याएं उपस्थित रहीं। एनसीएल की सभी परियोजनाओं एवं इकाइयों के क्षेत्रीय महाप्रबंधक, मुख्यालय के विभागाध्यक्ष, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने मेले में सहभागिता की।

अभ्युदय मेले में सामाजिक, सांस्कृतिक एवं उद्यमिता से जुड़े विषयों को समर्पित कुल 76 स्टॉल लगाए गए। इनमें एनसीएल की महिला समितियों द्वारा निर्मित जूट उत्पाद, वस्त्र, आचार-मुरब्बा, बैग, ‘वेस्ट टू बेस्ट’ से बने उपयोगी सामान दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं सिंगरौली एवं आसपास के क्षेत्रों के उद्योगों द्वारा लगाए गए स्टॉलों में कुटीर उद्योग, हस्तशिल्प, बांस शिल्प, बनारसी साड़ियां, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं किचन उपयोग की वस्तुओं को लोगों ने विशेष रुचि से देखा।
मेले का उद्घाटन सिलोस प्रेसिडेंट एवं कृति महिला मंडल एनसीएल की अध्यक्षा श्रीमती बी. के. दुर्गा एवं उपाध्यक्षाओं द्वारा किया गया। भारत की सांस्कृतिक विविधता को दर्शाते इस आयोजन में दक्षिण भारतीय व्यंजन, बिहारी चाट-पकौड़ी, बंबईया स्वाद सहित विभिन्न पारंपरिक खाद्य पदार्थों ने आगंतुकों को खूब लुभाया।
अभ्युदय मेला–2026 के माध्यम से एनसीएल के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिकों ने सपरिवार सहभागिता करते हुए मनोरंजन कार्यक्रमों, बच्चों के झूलों और सांस्कृतिक माहौल का भरपूर आनंद उठाया। मेले के सफल आयोजन में निगाही क्षेत्र की भूमिका सराहनीय रही, जिसने आयोजन को यादगार बना दिया।
![]()












