सोनभद्र/एबीएन न्यूज। भारत सरकार की मिनीरत्न कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) की जयंत परियोजना में आयोजित अंतर-क्षेत्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता 2025-26 का शनिवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। 12 जनवरी से 17 जनवरी 2026 तक चली इस प्रतियोगिता में एनसीएल की विभिन्न परियोजनाओं एवं इकाइयों की कुल 12 टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान अलग-अलग चरणों में कुल 19 रोमांचक मुकाबले खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना और कौशल का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह के अवसर पर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री राजेश त्रिवेदी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए कहा कि खेल-कूद गतिविधियां कर्मचारियों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से नियमित रूप से खेलों में भाग लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कंपनी स्तरीय जेसीसी सदस्य, सीएमओआई प्रतिनिधि, परियोजना स्तरीय जेसीसी सदस्य, विभागाध्यक्षगण, स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड के सदस्य सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले शुक्रवार को खेले गए, जिसमें जयंत ने ब्लॉक-बी को तथा सीडबल्यूएस ने निगाही को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मैच जयंत और सीडबल्यूएस टीमों के बीच खेला गया, जिसमें जयंत टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीडबल्यूएस को हराकर विजेता खिताब अपने नाम किया।
व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर जयंत टीम के श्री तौसीफ अहमद को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर तथा सीडबल्यूएस टीम के श्री तुला राम मुरमू को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। गौरतलब है कि एनसीएल द्वारा प्रतिवर्ष कर्मचारियों के मनोबल को बढ़ाने तथा उनके सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से विभिन्न खेल-कूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है, जिससे आपसी सहयोग, अनुशासन और टीम भावना को प्रोत्साहन मिलता है।
![]()












