सोनभद्र/एबीएन न्यूज। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) में सोमवार को ‘कोयला गुणवत्ता जागरूकता पखवाड़ा 2025–26’ का औपचारिक शुभारंभ किया गया। यह पखवाड़ा 19 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक मनाया जाएगा, जिसके अंतर्गत कोयला गुणवत्ता में निरंतर सुधार, मानकों के सुदृढ़ीकरण तथा उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्ता युक्त कोयला आपूर्ति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित निदेशक (मानव संसाधन) श्री मनीष कुमार ने कहा कि कोयला गुणवत्ता एनसीएल की कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने गुणवत्ता सुधार के लिए नए मानक तय करने, पूर्व उपलब्धियों को आधार बनाकर आगे बढ़ने तथा शत-प्रतिशत गुणवत्ता युक्त कोयला आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर निदेशक (वित्त) श्री रजनीश नारायण ने कहा कि कोयले की गुणवत्ता सीधे तौर पर कंपनी के राजस्व, वित्तीय स्वास्थ्य और प्रतिष्ठा से जुड़ी हुई है। उन्होंने उपस्थित सभी से गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संदेश दिया।
मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री अजय कुमार जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि कोयले की गुणवत्ता जीवन की गुणवत्ता के समान ही महत्वपूर्ण है। एनसीएल द्वारा कोयला गुणवत्ता में निरंतर सुधार से उपभोक्ताओं का भरोसा और अधिक मजबूत होगा तथा कंपनी की साख को भी बल मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान महाप्रबंधक (गुणवत्ता) ने एनसीएल के गुणवत्ता संबंधी लक्ष्यों पर प्रकाश डालते हुए पखवाड़े के दौरान आयोजित की जाने वाली विभिन्न जागरूकता गतिविधियों, निरीक्षणों और कार्यक्रमों की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने उपस्थित सभी को कोयला गुणवत्ता के प्रति प्रतिबद्ध रहने तथा ग्राहकों की आवश्यकताओं के अनुरूप कोयला आपूर्ति सुनिश्चित करने की शपथ दिलाई, ताकि एनसीएल को गुणवत्ता के क्षेत्र में अग्रणी कंपनी के रूप में स्थापित किया जा सके।
उल्लेखनीय है कि एनसीएल अपने ग्राहकों को लगातार बेहतर गुणवत्ता का कोयला उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इस पखवाड़े के अंतर्गत मुख्यालय सहित एनसीएल की सभी परियोजनाओं एवं इकाइयों में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, कार्यशालाएं और निरीक्षण आयोजित किए जाएंगे, जिससे कोयला गुणवत्ता के प्रति सजगता और अधिक सुदृढ़ हो सके।
![]()












