लखनऊ/एबीएन न्यूज। गोमतीनगर रेलवे स्टेशन आज सुबह उत्सव के माहौल में सराबोर नजर आया, जब माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुभारंभ की गई गाड़ी संख्या 05949 डिब्रुगढ़–गोमतीनगर अमृत भारत उद्घाटन विशेष गाड़ी अपने प्रथम आगमन पर स्टेशन पहुंची। इस अवसर पर स्टेशन को विशेष रूप से सजाया गया था और रेल अधिकारियों व कर्मचारियों ने फूलों की मालाओं से लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर और यात्रियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।

उद्घाटन विशेष गाड़ी के गोमतीनगर पहुंचने पर जनसंपर्क अधिकारी श्री महेश गुप्ता ने बताया कि अमृत भारत ट्रेनें आम आदमी को ध्यान में रखकर विकसित की गई हैं। इन ट्रेनों का उद्देश्य जनरल और स्लीपर श्रेणी में यात्रा करने वाले यात्रियों को किफायती दरों पर प्रीमियम ट्रेनों जैसी आधुनिक सुविधाएं, तेज गति और सुरक्षित यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इस अमृत भारत एक्सप्रेस के संचालन से प्रदेश की राजधानी लखनऊ से कामाख्याधाम तक जाने के लिए यात्रियों को एक और बेहतर रेल विकल्प मिल गया है।

यह ट्रेन डिब्रुगढ़ से चलकर असम, पश्चिम बंगाल और बिहार के प्रमुख स्टेशनों गुवाहाटी, कामाख्या, न्यू जलपाईगुड़ी, कटिहार, बरौनी, हाजीपुर, छपरा, गोरखपुर जंक्शन, खलीलाबाद, बस्ती, मनकापुर और अयोध्याधाम जंक्शन होते हुए गोमतीनगर पहुंचेगी। इससे व्यापार, पर्यटन और पारिवारिक आवागमन को नई गति मिलने की उम्मीद है। यात्रियों ने आधुनिक सुविधाओं, स्वच्छता, आराम और सुरक्षा व्यवस्था की सराहना करते हुए ट्रेन को “विश्वस्तरीय” बताया।

रेलवे प्रशासन के अनुसार गाड़ी संख्या 15949 डिब्रुगढ़–गोमतीनगर अमृत भारत एक्सप्रेस का साप्ताहिक नियमित संचालन 30 जनवरी 2026 से शुरू होगा। यह ट्रेन प्रत्येक शुक्रवार रात 21:00 बजे डिब्रुगढ़ से प्रस्थान कर तीसरे दिन दोपहर 13:30 बजे गोमतीनगर पहुंचेगी। वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 15950 गोमतीनगर–डिब्रुगढ़ अमृत भारत एक्सप्रेस का संचालन 02 फरवरी 2026 से प्रत्येक रविवार को किया जाएगा, जो गोमतीनगर से शाम 18:40 बजे प्रस्थान कर तीसरे दिन दोपहर 12:40 बजे डिब्रुगढ़ पहुंचेगी। इस अवसर पर सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री ओंकारनाथ वर्मा, वाणिज्य निरीक्षक सहित रेलवे के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
![]()













