लखनऊ/एबीएन न्यूज। माघ मेला–2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने व्यापक चिकित्सा सेवाएँ सुनिश्चित कीं। मंडल रेल प्रबंधक लखनऊ श्री सुनील कुमार वर्मा के नेतृत्व में प्रयागराज क्षेत्र सहित मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर सुदृढ़ चिकित्सा व्यवस्था की गई, जिससे देश के कोने-कोने से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को समय पर उपचार मिल सका।
रेलवे प्रशासन द्वारा प्रयाग जंक्शन, फाफामऊ, वाराणसी जंक्शन और अयोध्या धाम स्टेशनों पर प्राथमिक चिकित्सा बूथ स्थापित किए गए। प्रयाग जंक्शन के फर्स्ट एंट्री साइड पर चार बेड वाला मेला चिकित्सा केंद्र बनाया गया। आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर करने के लिए प्रयाग जंक्शन पर दो एंबुलेंस और फाफामऊ स्टेशन पर एक एंबुलेंस की तैनाती की गई। सभी प्राथमिक चिकित्सा बूथ प्रत्येक मुख्य स्नान पर्व से एक दिन पूर्व से लेकर दो दिन बाद तक सक्रिय रहे।
मेला अवधि के दौरान प्रयाग जंक्शन सहित अयोध्या धाम, फाफामऊ और वाराणसी जंक्शन जैसे प्रमुख स्टेशनों पर प्रशिक्षित चिकित्सा कर्मियों की 24 घंटे तैनाती की गई। इससे प्राथमिक उपचार के साथ-साथ आकस्मिक परिस्थितियों में त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सकी।
माघ मेला–2026 के दौरान लखनऊ मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर कुल 1842 श्रद्धालुओं और यात्रियों को चिकित्सा सेवाएँ प्रदान की गईं। इनमें अधिकांश को हल्की चोट, अत्यधिक थकान, सर्दी-खांसी और अन्य सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं के लिए तत्काल उपचार दिया गया। प्रयाग जंक्शन स्थित मेला चिकित्सा केंद्र से 1330 श्रद्धालुओं का प्राथमिक उपचार किया गया। वहीं गंभीर मामलों में 20 मरीजों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया, जिनमें से 5 मरीजों को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर किया गया।
इसके अतिरिक्त प्रयाग जंक्शन, फाफामऊ, वाराणसी जंक्शन और अयोध्या धाम स्टेशनों के विभिन्न प्लेटफार्म क्षेत्रों में फर्स्ट एड बूथ भी स्थापित किए गए। यात्रियों को चिकित्सा सेवाओं की जानकारी देने के लिए स्टेशन परिसरों में संकेतक, उद्घोषणाओं और रेलवे कर्मचारियों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया कि लखनऊ मंडल भविष्य में भी बड़े आयोजनों और भीड़ प्रबंधन के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुनिश्चित करने के लिए इसी प्रकार प्रभावी, समर्पित और मानवीय सेवाएँ प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
![]()











