नवाबगंज थाना क्षेत्र के आजादनगर श्रीराम कृपा स्टेट निवासी नीरज दीक्षित के साथ साइबर ठगी हो गई। ठगों ने उनका मोबाइल हैक कर बैंक खाते और क्रेडिट कार्ड से कुल 5.73 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित का आरोप है कि उन्होंने न तो किसी को अपना पासवर्ड बताया और न ही किसी से ओटीपी साझा की थी। इस संबंध में पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, पीड़ित नीरज दीक्षित का पनकी एचडीएफसी बैंक में खाता है। 30 अक्तूबर 2025 को उनके मोबाइल पर एचडीएफसी बैंक एप्लीकेशन से रुपये निकलने के मैसेज आए। उन्होंने बैंक शाखा जाकर मैनेजर को घटना की जानकारी दी। इसी दौरान उनके खाते से चार बार में पैसे निकल गए। पीड़ित ने बताया कि उनके क्रेडिट कार्ड की लिमिट 50 हजार रुपये होने के बावजूद ठगों ने उसकी लिमिट बढ़ाई और फिर उनकी अनुमति के बिना तीन लाख और 1.10 लाख रुपये के लोन कराकर निकाल लिए। उनकी और बच्चों की एफडी तोड़कर भी खाते से रकम निकाली गई। पीड़ित ने इस ठगी में बैंककर्मियों की मिलीभगत का भी आरोप लगाया है। नवाबगंज थाना प्रभारी केशव तिवारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।
![]()










