Last Updated:
बॉर्डर 2 के 23 जनवरी सुबह के शोज रद्द हो सकते हैं. खबर है कि डिजिटल कॉन्टेंट के डाउनलोड होने में देरी के कारण ऐसे जटिल हालात बने हैं. यूएफओ मूवीज ने सिनेमाघरों को मैसेज भेजकर हालात स्पष्ट किए हैं.
नई दिल्ली: फिल्म ‘बॉर्डर 2’ की रिलीज से महज कुछ घंटे पहले फिल्म इंडस्ट्री में अफरा-तफरी का माहौल है. फिल्म के डिजिटल कॉन्टेंट समय पर तैयार न होने के कारण देश भर के सिनेमाघरों में कल सुबह (23 जनवरी) के शो रद्द होने की नौबत आ गई है.
डिस्ट्रीब्यूटर्स और सिनेमा मालिक चिंता में
फिल्म की एडवांस बुकिंग जोरों पर है, लेकिन एग्जिबिटर्स और डिस्ट्रीब्यूटर्स इस बात को लेकर तनाव में हैं कि फिल्म का शो शुरू होने में अब 12 घंटे से भी कम समय बचा है और कॉन्टेंट अभी तक सिनेमाघरों तक नहीं पहुंचा है. ‘फिल्मीइन्फॉर्मेशन’ की रिपोर्ट के अनुसार, यूएफओ मूवीज (UFO Movies) और अन्य डिलीवरी प्लेटफॉर्म्स ने सूचित किया है कि डाउनलोडिंग प्रोसेस में उम्मीद से ज्यादा देरी हुई है.
तकनीकी गड़बड़ी के चलते शो अटकने की आशंका!
फिल्म की अवधि 3 घंटे 20 मिनट है, जिसके कारण फाइल काफी बड़ी है. इसे डाउनलोड करने में कम से कम 3 से 4 घंटे का समय लगता है. तकनीकी और तालमेल की कमी के चलते सुबह के शो पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं. एक ट्रेड एक्सपर्ट के अनुसार, अगर कॉन्टेंट आधी रात तक भी मिलता है, तो भी तकनीकी जांच के प्रोसेज के चलते सुबह के शो चलाना लगभग नामुमकिन लग रहा है.
सिनेमाघरों को भेजा गया मैसेज
यूएफओ मूवीज ने एग्जिबिटर्स को व्हाट्सएप के जरिए एक आधिकारिक सूचना भेजी है, जिससे स्थिति और भी गंभीर नजर आ रही है. यूएफओ मूवीज ने मैसेज में लिखा, ‘बॉर्डर 2′ का डाउनलोड 23 जनवरी 2026 को सुबह 6:30 बजे से शुरू होगा. प्लीज अपने सिस्टम चालू रखें, शुक्रिया.’ चूंकि डाउनलोडिंग ही सुबह 6:30 बजे शुरू होगी, इसलिए सुबह 7:00 या 8:00 बजे के शो शुरू होना तकनीकी रूप से संभव नहीं दिख रहा है. जिन दर्शकों ने सुबह के शो के टिकट बुक किए हैं, उन्हें रिफंड या शो शिफ्ट होने जैसे मैसेज मिलने की उम्मीद है.
![]()










