लखनऊ/एबीएन न्यूज। रेलवे बोर्ड, नई दिल्ली से आए महानिदेशक रेलवे स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. जगदीश चंद्रा ने गुरुवार को पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख मुख्य चिकित्सा निदेशक डॉ. ए. ए. खान की उपस्थिति में मंडलीय चिकित्सालय, बादशाहनगर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एक अत्याधुनिक नेत्र चिकित्सा सुविधा से युक्त ‘कॉम्बो लेज़र मशीन’ का विधिवत उद्घाटन किया।
यह उल्लेखनीय है कि भारतीय रेल में पहली बार ऐसी उन्नत कॉम्बो लेज़र नेत्र चिकित्सा मशीन पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल को प्राप्त हुई है। इस मशीन में दो प्रकार की लेज़र तकनीक उपलब्ध है, जिसके माध्यम से कैप्सुलोटोमी, इरिडेक्टॉमी के साथ-साथ सेलेक्टिव लेज़र ट्रैबेकुलोप्लास्टी जैसी आधुनिक नेत्र चिकित्सा सेवाएं प्रदान की जा सकेंगी।
इस मशीन से ‘याग लेज़र कैप्सुलोटोमी’ की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे आंखों के ऑपरेशन के बाद बनने वाली झिल्ली को लेज़र के माध्यम से सुरक्षित रूप से हटाया जा सकेगा। वहीं कंजेस्टिव ग्लूकोमा के मामलों में ‘पेरिफेरल बटन होल इरिडेक्टॉमी’ द्वारा त्वरित उपचार संभव होगा। इसके अतिरिक्त दवाओं से लाभ न पाने वाले ग्लूकोमा रोगियों के लिए ‘लेज़र ट्रैबेकुलोप्लास्टी’ एक प्रभावी उपचार विकल्प सिद्ध होगी।
बादशाहनगर रेलवे चिकित्सालय के लिए यह मशीन एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है, जिससे रेल कर्मचारियों और उनके आश्रितों को उच्चस्तरीय, आधुनिक एवं सुलभ नेत्र चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेश चंद, वरिष्ठ नेत्र विशेषज्ञ डॉ. बी. एन. चौधरी, डॉ. अनामिका सिंह, डॉ. वी. के. पाठक, डॉ. विनीता गुप्ता, डॉ. अयाज़ अहमद, डॉ. प्रशांत सिंह, डॉ. निहारिका सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
![]()











