लखनऊ/एबीएन न्यूज। गणतंत्र दिवस के अवसर से पूर्व पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल में स्वच्छता को लेकर व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर ईएचएनएम श्री महेंद्र सिंह के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है।
अभियान के तहत गुरुवार को मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों लखनऊ जंक्शन, ऐशबाग, गोंडा जंक्शन, गोरखपुर जंक्शन, बस्ती एवं खलीलाबाद के साथ-साथ रेलवे कॉलोनियों में भी विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। स्वच्छता कर्मियों द्वारा स्टेशन परिसरों, प्लेटफार्मों, प्रतीक्षालयों एवं आसपास के क्षेत्रों की गहन सफाई की गई।
इस दौरान स्टेशनों पर स्वच्छता एवं जागरूकता रैलियों का आयोजन किया गया, जिसमें यात्रियों एवं आम नागरिकों को स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने तथा गंदगी न फैलाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से स्वच्छता से संबंधित संदेशों का निरंतर प्रसारण किया गया।

अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने वालों पर नियमानुसार जुर्माना भी लगाया गया। पान के दाग, कचरे के जमाव और अन्य कठिन गंदगी वाले स्थानों की विशेष सफाई कराई गई। स्वच्छता कर्मियों, रेलवे कर्मचारियों एवं स्वयंसेवकों द्वारा श्रमदान कर व्यापक सफाई अभियान को सफल बनाया गया।
इसके अतिरिक्त स्टेशन परिसरों और रेलवे कॉलोनियों में हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौधारोपण अभियान भी चलाया गया। अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के अभियानों से यात्रियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और स्वच्छ, सुंदर एवं सुरक्षित रेलवे परिसरों का निर्माण संभव होगा।
![]()













