लखनऊ/एबीएन न्यूज। भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान (आईआरआईटीएम), लखनऊ ने रेलवे प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए अपनी सशक्त पहचान और मजबूत की है। भारत सरकार के क्षमता निर्माण आयोग (सीबीसी) द्वारा किए गए ऑडिट में संस्थान को सर्वोत्कृष्ट फाइव स्टार केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान की प्रतिष्ठित रैंकिंग प्रदान की गई है। यह उपलब्धि भारत सरकार के उन चुनिंदा और विरले संस्थानों में शामिल करती है, जिन्हें राष्ट्रीय मानकों के अंतर्गत यह सम्मान प्राप्त हुआ है।
दिनांक 23 जनवरी 2026 को घोषित इस रैंकिंग के साथ आईआरआईटीएम देश के अग्रणी प्रशिक्षण संस्थानों में शामिल हो गया है, जो भारतीय रेलवे पारितंत्र में व्यावसायिक विकास, नवाचार और नेतृत्व निर्माण के क्षेत्र में नए मानक स्थापित कर रहा है। यह मान्यता संस्थान की प्रशिक्षण गुणवत्ता, संरचनात्मक दक्षता और आधुनिक शैक्षणिक दृष्टिकोण का प्रमाण है।

संस्थान रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए उच्च गुणवत्ता वाले प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करता है, जिनका उद्देश्य परिवहन प्रबंधन, परिचालन दक्षता, नीति निर्माण, डिजिटल परिवर्तन तथा सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर क्षमता निर्माण करना है। आईआरआईटीएम लगातार बदलती परिवहन आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण पद्धतियों को विकसित कर रहा है।

इस अवसर पर संस्थान के महानिदेशक श्री रंजन प्रकाश ठाकुर ने हर्ष व्यक्त करते हुए इस उपलब्धि को संकाय सदस्यों और कर्मचारियों के सामूहिक, समर्पित एवं पेशेवर प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि फाइव स्टार रैंकिंग संस्थान की प्रशिक्षण उत्कृष्टता, नवाचार और शिक्षार्थी-केंद्रित दृष्टिकोण को दर्शाती है।
महानिदेशक ने यह भी कहा कि यह मान्यता रेलवे प्रशिक्षण में वैश्विक सर्वोत्तम प्रथाओं को अपनाने, अनुसंधान को बढ़ावा देने और क्षमता निर्माण के क्षेत्र में निरंतर सुधार के लिए संस्थान को और अधिक प्रेरित करेगी। भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान राष्ट्रीय प्राथमिकताओं एवं परिवहन क्षेत्र की उभरती चुनौतियों के अनुरूप प्रशिक्षण, अनुसंधान और संस्थागत विकास में उत्कृष्टता के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
![]()













