सोनभद्र/एबीएन न्यूज। प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को आमजन तक प्रभावी रूप से पहुँचाने के उद्देश्य से शनिवार को जनपद सोनभद्र के कलेक्ट्रेट परिसर में विशेष तीन दिवसीय प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं जनपद के प्रभारी मंत्री श्री रविंद्र जायसवाल ने फीता काटकर प्रदर्शनी का भव्य उद्घाटन किया।
उद्घाटन के उपरांत प्रभारी मंत्री ने प्रदर्शनी में लगाए गए प्रत्येक स्टाल का सूक्ष्म अवलोकन किया और प्रदर्शित चित्रों, चार्ट्स एवं आंकड़ों के माध्यम से प्रस्तुत की गई जानकारियों को देखा। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास की नई ऊँचाइयों को छू रहा है। सरकार की योजनाएं समाज के हर वर्ग तक पहुँच रही हैं और लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित यह प्रदर्शनी प्रदेश सरकार की पारदर्शी कार्यप्रणाली, सुशासन और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता का जीवंत दस्तावेज है। प्रदर्शनी के माध्यम से आम नागरिकों को सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों की सटीक एवं प्रमाणिक जानकारी प्राप्त होगी।

प्रदर्शनी में मिशन शक्ति, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, साथ ही प्रदेश में विकसित हो रहे एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट एवं अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं से संबंधित उपलब्धियों को चित्रों और आंकड़ों के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया है।

प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस प्रदर्शनी का लाभ अधिक से अधिक ग्रामीण एवं शहरी जनता तक पहुँचाया जाए, ताकि लोग जागरूक होकर सरकार की योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही योजनाएं सफल होती हैं और इस तरह की प्रदर्शनी जनसंपर्क का सशक्त माध्यम हैं।

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित यह प्रदर्शनी आगामी तीन दिनों तक कलेक्ट्रेट परिसर में आम जनता के अवलोकन हेतु उपलब्ध रहेगी। उद्घाटन अवसर पर घोरावल विधायक डॉ. अनिल कुमार मौर्य, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी सहित जिले के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
![]()












