सोनभद्र/एबीएन न्यूज। उत्तर प्रदेश सरकार की विकासपरक योजनाओं की कड़ी में आज वाराणसी–शक्तिनगर मुख्य मार्ग से पकरी संपर्क मार्ग (न्यू कॉलोनी) तक प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास एवं पूजन जनपद के प्रभारी मंत्री श्री रविन्द्र जायसवाल द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने शिलापट्ट का अनावरण कर निर्माण कार्य का औपचारिक शुभारंभ किया।
शिलान्यास उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों एवं संबंधित ठेकेदारों को स्पष्ट और कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार की मंशा साफ है कि जनता के धन का सही उपयोग हो और बनाई जाने वाली सड़कें टिकाऊ एवं मानक अनुरूप हों।
प्रभारी मंत्री ने मुख्यमंत्री के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि विकास कार्यों में जीरो टॉलरेंस की नीति लागू है। यदि निर्माण सामग्री या कार्य की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाई गई तो संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदारों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सड़कों के मजबूत नेटवर्क के माध्यम से अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सुगम आवागमन की सुविधा पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

बताया गया कि लगभग 6.3 किलोमीटर लंबा यह संपर्क मार्ग लंबे समय से क्षेत्रवासियों की मांग रहा है। सड़क के निर्माण से स्थानीय निवासियों एवं राहगीरों को जर्जर मार्ग से राहत मिलेगी तथा आवागमन सुगम होगा। यह मार्ग क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर सदर विधायक श्री भूपेश चौबे, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री नन्दलाल गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। शिलान्यास कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी भी मौजूद रहे, जिन्होंने इस विकास कार्य के लिए प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
![]()












