सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जनपद सोनभद्र के कलेक्ट्रेट परिसर में उत्तर प्रदेश दिवस का आयोजन गुरुवार को अत्यंत गरिमामयी और भव्य रूप से किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं जनपद के प्रभारी मंत्री श्री रविंद्र जायसवाल ने दीप प्रज्ज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने सोनभद्र की प्राकृतिक सुंदरता, भौगोलिक महत्व और विकास की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए इसे प्रदेश का अनमोल जिला बताया।
प्रभारी मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि विंध्य पर्वत श्रृंखला और मां गंगा के सानिध्य से जुड़ा सोनभद्र जिला उत्तर प्रदेश की शान है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगान में विंध्य का उल्लेख हमारे गौरव को दर्शाता है और हमें गर्व से कहना चाहिए कि हम सोनभद्र के निवासी हैं। उत्तराखंड के पृथक होने के बाद प्रदेश में जो पर्वतीय वैभव शेष है, वह सोनभद्र और मिर्जापुर की पहचान है।

उन्होंने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की चर्चा करते हुए कहा कि इन योजनाओं से आम जनमानस के जीवन स्तर में व्यापक सुधार हुआ है। कन्या सुमंगला योजना, छात्रवृत्ति, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना जैसी योजनाओं से समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत युवाओं को पांच लाख रुपये तक का ऋण सब्सिडी के साथ उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे रोजगार सृजन को बढ़ावा मिल रहा है।

प्रभारी मंत्री ने बताया कि आकांक्षीय जनपदों की श्रेणी में शामिल सोनभद्र विकास के मामले में देश में चौथे स्थान पर है और शीघ्र ही यह इस श्रेणी से बाहर निकलकर अग्रणी जनपदों में शामिल होगा। उन्होंने कहा कि निवेशकों द्वारा यहां उद्योग स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं। टसर रेशम उत्पादन और लोकल फॉर वोकल को बढ़ावा देने की दिशा में भी जनपद महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है।

उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर आधारित तीन दिवसीय प्रदर्शनी का प्रभारी मंत्री ने फीता काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शनी के माध्यम से जनमानस सरकार की योजनाओं से सीधे रूबरू होगा। कार्यक्रम के दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा करमा नृत्य, शैला नृत्य एवं देशभक्ति गीतों की सुंदर प्रस्तुति दी गई।

इस अवसर पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लाभ वितरित किए गए। मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को आवास की चाबियां सौंपी गईं। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को ऋण स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। दिव्यांगजनों को ट्राई-साइकिल, मत्स्य पालकों को आइसकिट, आयुष्मान कार्ड, निराश्रित महिलाओं को पेंशन तथा पीएम विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों को टूलकिट वितरित की गई।

कार्यक्रम में सदर विधायक श्री भूपेश चौबे, घोरावल विधायक डॉ. अनिल कुमार मौर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष राधिका पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, पूर्व सांसद राम सकल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। प्रभारी मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया और स्थानीय उत्पादों की सराहना की। इस अवसर पर जिलाधिकारी बद्रीनाथ सिंह, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद, सदर ब्लॉक प्रमुख अजीत रावत, भाजपा जिला प्रभारी अनिल सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, लाभार्थी एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।
![]()












