सोनभद्र/एबीएन न्यूज। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के पावन अवसर पर तापीय परियोजना अनपरा कॉलोनी परिसर स्थित डॉ. अंबेडकर सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज अनपरा एवं सरस्वती शिशु मंदिर अनपरा द्वारा संयुक्त रूप से भव्य झांकियों के साथ पथ संचलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अनपरा थानाध्यक्ष श्री बृजेश सिंह तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री बलवंत सिंह एवं श्री आकाश द्वारा झंडी दिखाकर किया गया।

पथ संचलन में भारत माता, राम दरबार, अहिल्या बाई होलकर एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस की सुसज्जित झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। देशभक्ति गीतों, राष्ट्रगान एवं जयघोष के नारों से अनपरा कॉलोनी और अनपरा बाजार की गलियां राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गईं। नगरवासियों ने जगह-जगह पथ संचलन का भव्य स्वागत किया।

महावीर चौक पर गायत्री परिवार के श्री शम्भू नाथ गुप्ता, एस मेडिकल, रूप वर्षा वर्मा साइकिल स्टोर सहित अन्य प्रतिष्ठित व्यापारियों द्वारा पुष्प वर्षा कर झांकियों का स्वागत किया गया तथा मिष्ठान एवं जल वितरण किया गया। वहीं चावल मंडी क्षेत्र में श्री गौरव अग्रवाल द्वारा पुष्प वर्षा एवं मिठाई वितरण कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया।

इस अवसर पर भैया-बहनों, आचार्यगणों के साथ बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन, सांस्कृतिक गरिमा एवं राष्ट्रप्रेम का सुंदर समन्वय देखने को मिला, जिससे नेताजी सुभाष चंद्र बोस को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
![]()












