सोनभद्र/एबीएन न्यूज। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी श्री बी.एन. सिंह की अध्यक्षता में आयोजित राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा मानवीय संवेदना और सामाजिक सरोकार का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर पंचायत रिसोर्स सेंटर लोढ़ी, सोनभद्र में 10 दिव्यांगजनों को निःशुल्क मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल का वितरण किया गया। वहीं कलेक्ट्रेट परिसर में श्रीमती हीरामणी, निवासी चोपन, सोनभद्र को जिलाधिकारी के कर-कमलों से मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल एवं कंबल प्रदान किया गया।
मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल प्राप्त होने पर श्रीमती हीरामणी के पति श्री बंधु की आंखों में प्रसन्नता के आंसू छलक पड़े। उन्होंने जिलाधिकारी एवं प्रदेश सरकार का बार-बार आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ द्वारा दिव्यांगजनों के लिए चलाई जा रही यह योजना अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से जिन दिव्यांगजनों के पैर नहीं हैं, वे मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल की सहायता से स्वतंत्र रूप से आवागमन कर सकते हैं और अपना छोटा-मोटा रोजगार भी कर आत्मनिर्भर बन सकते हैं।
निःशुल्क मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल पाकर सभी लाभार्थियों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार की इस कल्याणकारी योजना की भूरी-भूरी प्रशंसा की। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में ब्लॉक प्रमुख चोपन श्रीमती लीला सिंह गोंड द्वारा मतदाता जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

इस आयोजन में दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, बचपन डे केयर सेंटर सोनभद्र, संकेत मूकबधिर विद्यालय चोपन के कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में दिव्यांगजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने मतदाता शपथ ग्रहण की तथा भविष्य के प्रत्येक निर्वाचन में शत-प्रतिशत मतदान करने का संकल्प लिया। साथ ही समाज के अन्य वर्गों और दिव्यांगजनों को भी मतदान के प्रति जागरूक करने का प्रण लिया गया।

ब्लॉक प्रमुख द्वारा इस अवसर पर प्रदेश सरकार की दिव्यांगजनों हेतु संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा मतदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा गया कि मतदान के माध्यम से ही एक सशक्त और जनकल्याणकारी सरकार का गठन संभव है।

कार्यक्रम के अंत में जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी श्रीमती विद्या देवी ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए माननीय ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य चुर्क सोनभद्र एवं माननीय राज्यमंत्री समाज कल्याण श्री संजीव सिंह गोंड के प्रतिनिधि सहित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने दिव्यांगजनों को विभागीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए कहा कि जनपद के सभी दिव्यांगजन इन योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ उठा सकते हैं।
इस अवसर पर श्रीमती विद्या देवी, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, श्री विनोद मिश्रा, राष्ट्रीय मानवाधिकार मिशन, श्री सुयश कुमार शुक्ला, सहायक अध्यापक, श्री राहुल कुमार सिंह, समन्वयक बचपन डे केयर सेंटर, श्री गोलू कुमार, कनिष्ठ सहायक, श्री विनय कुमार शर्मा, कम्प्यूटर ऑपरेटर सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
![]()












