सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जिलाधिकारी श्री बी.एन. सिंह ने बताया कि जनपद सोनभद्र में इस वर्ष भी गणतंत्र दिवस समारोह गत वर्ष की भांति हर्षोल्लास, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया जाएगा। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर अपने दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों पर तिरंगा झंडा लगाएं, जिससे पूरे जिले में राष्ट्रीय उत्साह का वातावरण निर्मित हो सके।
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि 26 जनवरी 2026 को प्रातः 8:30 बजे समस्त सरकारी भवनों पर राष्ट्रध्वज फहराया जाएगा। इस अवसर पर राष्ट्रगान के गायन के साथ संविधान में निहित संकल्प का स्मरण किया जाएगा। प्रातः 9:30 बजे पुलिस लाइन में पुलिस परेड का आयोजन किया जाएगा, जो वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के कुशल संयोजन में भव्य रूप से संपन्न होगा।
प्रातः 10:00 बजे जनपद के सभी शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा तथा विद्यार्थियों द्वारा सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया जाएगा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि विद्यालयों में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, जिनमें स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के इतिहास, सशस्त्र बलों के बलिदान और देशभक्तों के प्रेरक प्रसंगों को विद्यार्थियों के समक्ष प्रस्तुत किया जाए, जिससे उनमें राष्ट्रीय चेतना का विकास हो सके।

अपरान्ह 1:00 बजे शहीद स्मारक ग्राम परासी दूबे एवं लोक निर्माण विभाग अतिथि गृह के सामने स्थित नेहरू पार्क में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। वहीं पूर्वान्ह 11:00 बजे नगर पालिका द्वारा कम से कम चार मलिन बस्तियों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। गणतंत्र दिवस के अवसर पर नगर एवं ग्रामीण अंचलों की सभी मलिन बस्तियों में स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही शिक्षण संस्थानों में खेल-कूद, साइकिल रेस, दंगल आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन खेल विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार किया जाएगा। 26 जनवरी 2026 को प्रातः 9:15 बजे से तियरा स्टेडियम में क्रॉस कंट्री रेस का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित सभी कार्यक्रमों में सारगर्भित उद्बोधन अवश्य किया जाए। इसके लिए समस्त ग्राम प्रधानों को पत्र भेजकर निर्देशित किया जाएगा कि वे अपने ग्राम पंचायतों में बैठक आयोजित कर ग्रामीणों को आमंत्रित करें और संविधान व राष्ट्रभक्ति पर उद्बोधन दें। इसी प्रकार विद्यालयों में प्रधानाध्यापक छात्रों को संविधान के इतिहास और विकास की जानकारी दें।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि जनपद के सभी नागरिक अपने निजी भवनों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर 25 एवं 26 जनवरी 2026 की रात्रि तक प्रकाश की व्यवस्था करें। राजकीय भवनों पर दोनों दिन अनिवार्य रूप से लाइटिंग कराई जाएगी। व्यापार मंडल के सहयोग से बाजारों में 100 से 200 मीटर की दूरी पर टेंट लगाकर 26 जनवरी की प्रातः 5:00 बजे से देशभक्ति गीतों का प्रसारण कराया जाएगा। इसी प्रकार के कार्यक्रम समस्त उप जिलाधिकारी एवं तहसीलदार अपने-अपने तहसील क्षेत्रों में सुनिश्चित कराएंगे।
![]()












