पर्यटन नगरी मसूरी में धार्मिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है. मसूरी के बाला हींसार क्षेत्र में वाइनबर्ग एलेन स्कूल की निजी भूमि पर स्थित बाबा बुल्ले शाह की मजार को असामाजिक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया. इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों सहित 25–30 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, 24 जनवरी की सायं कुछ असामाजिक तत्व हथौड़ा और सब्बल लेकर मजार परिसर में घुसे और मजार को नुकसान पहुंचाया. आरोप है कि उन्होंने वहां रखे धार्मिक ग्रंथों को भी क्षतिग्रस्त किया और मजार परिसर में शौच कर धार्मिक उन्माद फैलाने का प्रयास किया. घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया.
पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी
मामले को लेकर मुस्लिम सेवा संगठन के मसूरी अध्यक्ष अकरम खान पुत्र तौकबीर अहमद ने कोतवाली मसूरी में लिखित तहरीर दी. तहरीर के आधार पर पुलिस ने मु.अ.सं. 04/26 के तहत धारा 196(1)(इ) एवं 298 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस ने हरिओम, शिवउ और श्रद्धा के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है, जबकि अन्य अज्ञात आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और सोशल मीडिया में वायरल फुटेज की जांच कर रही है.
मुस्लिम संगठनों ने की आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग
इस घटना के विरोध में मुस्लिम सेवा संगठन के नेतृत्व में मसूरी के मुस्लिम समुदाय के लोग, साथ ही अन्य समुदायों के नागरिक भी कोतवाली पहुंचे और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बाबा बुल्ले शाह की मजार वर्षों से भाईचारे और आपसी सौहार्द की प्रतीक रही है, जहां सभी समुदायों के लोग श्रद्धा के साथ आते रहे हैं.
मुस्लिम सेवा संगठन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी. उन्होंने कहा कि कुछ शरारती और बाहरी तत्व उत्तराखंड के शांत माहौल को बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं, जिसे किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा.
सीओ मसूरी बोले- दोषियों पर सख्त कार्रवाई
सीओ मसूरी मनोज असवाल ने बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि मसूरी में किसी भी सूरत में कानून-व्यवस्था बिगड़ने नहीं दी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उधर, हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष भूपेंद्र उर्फ पिंकी चौधरी ने अपने संगठन कार्यकर्ताओं द्वारा इस तोड़फोड़ की जिम्मेदारी ली है.










