सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जनपद सोनभद्र में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास, गरिमा और सादगी के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी बी.एन. सिंह ने कलेक्ट्रेट प्रांगण में ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान के उपरांत संविधान में उल्लिखित संकल्प का स्मरण कराया। इसके बाद कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित समारोह में उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व अच्छे विचारों का संचार करते हैं और नई ऊर्जा प्रदान करते हैं, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुरूप बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन परोपकार की भावना के साथ करें तथा समाज के वंचित एवं असहाय वर्ग को सरकार की योजनाओं से लाभान्वित करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान विश्व का सबसे बड़ा संविधान है, जिसमें समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अधिकार प्रदान किए गए हैं। जिलाधिकारी ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए निर्देश दिया कि इन योजनाओं का लाभ पूर्ण ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।

गणतंत्र दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी तथा विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी सहित जनपद के विभिन्न कार्यालयों में संबंधित कार्यालयाध्यक्षों द्वारा प्रातः 8:30 बजे ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, संविधान संकल्प तथा महापुरुषों व महान विभूतियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित किए गए। पूरे जनपद में गत वर्षों की भांति सादगी एवं उत्साह के साथ राष्ट्रीय पर्व मनाया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान के प्रति निष्ठा का संकल्प दिलाया तथा जनपदवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दीं।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) वागीश कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रमेश चंद्र, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे रोहित यादव, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, सहायक निर्वाचन अधिकारी जगरूप पटेल सहित अन्य अधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में जिला सूचना विज्ञान अधिकारी निजामुद्दीन, राजीव शुक्ला सहित कलेक्ट्रेट परिसर के सभी अनुभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सुरेश पाठक द्वारा किया गया।
![]()











