लखनऊ/एबीएन न्यूज। देशभक्ति और राष्ट्रवाद की भावना से ओत-प्रोत 77वें गणतंत्र दिवस का भव्य आयोजन भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान (आईआरआईटीएम), लखनऊ में पूरे उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। इस अवसर पर संस्थान परिसर राष्ट्रप्रेम के रंग में रंगा नजर आया और विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से संविधान तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को स्मरण किया गया।
26 जनवरी 2026 को आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान के महानिदेशक श्री रंजन प्रकाश ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित अधिकारियों, परिवीक्षाधीन अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य सभी लोगों ने राष्ट्रगान गाकर राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा प्रकट की।
इसके पश्चात महानिदेशक श्री रंजन प्रकाश ठाकुर ने उपस्थित अधिकारियों, परिवीक्षाधीन अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने संस्थान की उपलब्धियों, कार्यक्षमता और हाल के वर्षों में स्थापित किए गए नए कीर्तिमानों की जानकारी दी। उन्होंने संस्थान से जुड़े प्रत्येक रेलवे कर्मी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान की सराहना की।

महानिदेशक ने अपने उद्बोधन में स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों को नमन करते हुए कहा कि उनकी कुर्बानियों के कारण ही आज देश एक मजबूत लोकतंत्र के रूप में खड़ा है। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों की अदम्य वीरता, त्याग और राष्ट्रभक्ति को याद करते हुए उन्हें कृतज्ञ श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति भी दी गई, जिसने उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और प्रबल किया। इस विशेष अवसर पर आयोजित समारोह में अपर महानिदेशक श्री संजय त्रिपाठी, संस्थान के संकाय सदस्य, परिवीक्षाधीन अधिकारी, कर्मचारीगण तथा उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान संस्थान परिसर में उत्साह, अनुशासन और देशभक्ति का वातावरण बना रहा।
![]()













