सोनभद्र/एबीएन न्यूज। प्रदेश के आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने आज रॉबर्ट्सगंज स्थित हाईडील मैदान में विधायक खेल महाकुंभ का भव्य शुभारंभ किया। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुई, जिसके पश्चात मंत्री ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और स्वयं पिच पर बैटिंग कर क्रिकेट मैच का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह और युवा खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए डॉ. दयालु ने कहा कि खेल महाकुंभ ग्रामीण और शहरी प्रतिभाओं को निखारने का एक सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप गांव-गांव में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे लाने के उद्देश्य से ऐसे आयोजनों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

मंत्री ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि हार-जीत से कहीं अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना होती है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे कड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ खेलें, ताकि जनपद, प्रदेश और देश का नाम राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास और अनुशासन के लिए सबसे प्रभावी माध्यम है।
डॉ. दयाशंकर मिश्र ने सदर विधायक श्री भूपेश चौबे द्वारा विधायक खेल महाकुंभ के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से स्थानीय खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर मिलता है। उन्होंने बताया कि इस विधायक खेल महाकुंभ में कुल 25 प्रकार की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिला है।

अपने संबोधन में मंत्री ने सोनभद्र को पर्यटन की अपार संभावनाओं वाला जनपद बताते हुए कहा कि यदि पर्यटन के दृष्टिकोण से विकास किया जाए, तो यहां अधिक संख्या में पर्यटक आएंगे और इससे जनपद के समग्र विकास को गति मिलेगी।
इसके पश्चात मंत्री डॉ. दयालु उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोटास, विकास खंड रॉबर्ट्सगंज में आयोजित विधायक खेल महाकुंभ में भी शामिल हुए। यहां उन्होंने रस्सा कस्सी, वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो और लड्डू नचाने जैसी प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया तथा प्रतियोगिता में भाग ले रहे खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश मिश्रा, मीडिया प्रभारी अनूप तिवारी सहित अन्य सम्मानित जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
![]()












