सोनभद्र/एबीएन न्यूज। देश के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार को सिंगरौली स्थित हेलीपैड मैदान में नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) द्वारा भव्य केंद्रीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एनसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) श्री मनीष कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर सभी कर्मियों, संविदा कर्मियों एवं हितग्राहियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। इसके उपरांत उन्होंने परेड का निरीक्षण किया।
केंद्रीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री मनीष कुमार ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि हमारे संविधान और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने आयातित कोयले के स्थान पर स्वदेशी कोयला उत्पादन बढ़ाकर देश की ऊर्जा आत्मनिर्भरता को सुदृढ़ करने तथा ‘विकसित भारत-2047’ के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एनसीएल की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने व्यावसायिक विविधीकरण के साथ-साथ उत्पादन, उत्पादकता और कोयला प्रेषण में वृद्धि पर विशेष बल दिया।
अपने उद्बोधन में उन्होंने इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी), लैंड एक्विजिशन एंड डेटा मैनेजमेंट (एलएडीएम) जैसी डिजिटल पहलों की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि एनसीएल वर्तमान में एफएमसी सहित अन्य पर्यावरण अनुकूल माध्यमों से लगभग 85 प्रतिशत कोयला ग्राहकों तक पहुंचा रही है।
श्री मनीष कुमार ने एनसीएल की प्रमुख सीएसआर पहलों—नन्हा-सा-दिल-एनसीएल, चरक, ‘सशक्त किसान, समृद्ध गांव’—का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं से सामाजिक उत्थान को मजबूती मिली है। उन्होंने कर्मी कल्याण से जुड़ी योजनाओं, जेईई एवं नीट की निःशुल्क कोचिंग, एनसीएल पोषित विद्यालयों के विद्यार्थियों को फर्स्ट ऐड प्रशिक्षण जैसी पहलों की भी जानकारी दी। साथ ही तकनीशियन, एचईएमएम ऑपरेटर्स, सुपरवाइजर, ओवरसीयर और पैरामेडिकल स्टाफ सहित विभिन्न संवर्गों में चल रही भर्ती प्रक्रिया पर भी प्रकाश डाला। अंत में उन्होंने सतत और दीर्घकालिक विकास के प्रति एनसीएल की प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम में एनसीएल के निदेशक (वित्त) श्री रजनीश नारायण, निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री सुनील प्रसाद सिंह, निदेशक (तकनीकी/परियोजना एवं योजना) श्री आशुतोष द्विवेदी, मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री अजय कुमार जायसवाल, कंपनी जेसीसी सदस्य, विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि, कृति महिला मंडल की उपाध्यक्षा श्रीमती नम्रता कुमार सहित बड़ी संख्या में एनसीएल कर्मी, विद्यालयीन बच्चे एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित केंद्रीय कार्यक्रम का विशेष आकर्षण स्थानीय विद्यालयों के बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे। देशभक्ति गीतों और नृत्यों के माध्यम से बच्चों ने राष्ट्रप्रेम, अखंडता और अनेकता में एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले सभी बच्चों को पुरस्कृत किया गया। इसके साथ ही उत्कृष्ट परेड के लिए सीआईएसएफ के जवानों, एनसीएल के सुरक्षा कर्मियों एवं स्कूली बच्चों को भी सम्मानित किया गया।
इससे पूर्व 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर एनसीएल मुख्यालय पंजरेह भवन परिसर में निदेशक (वित्त) श्री रजनीश नारायण ने मुख्यालय स्तरीय कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने सभी कर्मियों, संविदा कर्मियों और हितधारकों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में एनसीएल की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने विश्वास जताया कि एनसीएल इस वर्ष भी कोयला उत्पादन के निर्धारित लक्ष्य को पार कर नए कीर्तिमान स्थापित करेगी तथा खदान सुरक्षा, गुणवत्ता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपने दायित्वों का सजगता से निर्वहन करेगी।
![]()












